मुख्यपृष्ठनए समाचारजनता के हितों से ज्यादा शिंदे को चुनावी गणित की चिंता!

जनता के हितों से ज्यादा शिंदे को चुनावी गणित की चिंता!

-विधानमंडल अधिवेशन छोड़ पीएम के दरबार में हाजिरी
-डेढ़ घंटे की बैठक में सीट शेयरिंग पर गुपचुप चर्चा

सामना संवाददाता / मुंबई
एक ओर जहां राज्य में विधानमंडल का अहम अधिवेशन चल रहा है, दूसरी ओर शिंदे का दिल्ली दौरा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। आरोप है कि महाराष्ट्र के ज्वलंत मुद्दों पर चुप्पी साधकर वे प्रधानमंत्री दरबार में हाजिरी लगाने में ज्यादा व्यस्त हैं। कल पीएम के साथ करीब डेढ़ घंटे चली बैठक को भले ही औपचारिक बताया जा रहा हो, लेकिन अंदरखाने सीट शेयरिंग और सियासी समीकरणों पर गुपचुप चर्चा की अटकलें तेज हो गई हैं।
महाराष्ट्र में बजट सत्र जारी है। विधानमंडल में अहम मुद्दों पर चर्चा को छोड़ पीएम से शिंदे की मुलाकात ने विपक्ष को हमला बोलने का मौका दे दिया है। आधिकारिक तौर पर इस बैठक को ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया गया। बताया जा रहा है कि पिछले चुनावों में सहयोगी दलों से अपेक्षित समर्थन न मिलने को लेकर शिंदे ने एक आंतरिक रिपोर्ट भी पेश की, जिसमें कुछ सीटों पर हार के कारणों और भविष्य की रणनीति पर मंथन हुआ।
सीएम का आज दिल्ली दौरा
शिंदे के बाद अब सीएम देवेंद्र फडणवीस आज दिल्ली दौरे पर जाएंगे। जानकारी के अनुसार, पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में भाजपा की केंद्रीय संचालन समिति की बैठक में फडणवीस शामिल होंगे।
अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा
विपक्ष का आरोप है कि जब राज्य में अधिवेशन चल रहा है, तब दिल्ली जाकर सत्ता समीकरण साधना जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने जैसा है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे ने कहा कि वे सांसदों से मिलने और राज्य से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए दिल्ली आते रहते हैं और आलोचनाओं की परवाह नहीं करते।

अन्य समाचार