सामना सवांददाता / डोंबिवली
डोंबिवली एमआईडीसी स्थित अमुदान कंपनी के बाहर शनिवार सुबह शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट की ओर से अमुदान और प्रोबेस कंपनी विस्फोट में मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर पीड़ितों को न्याय और मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व कल्याण लोकसभा जिल्हाप्रमुख अभिजीत सावंत ने किया। इस दौरान विस्फोट में जान गंवाने वाले रोहिणी कदम के पिता चंद्रकांत कदम तथा मनोज जोंधले की पत्नी सरला जोंधले सहित कई पीड़ित परिवार और मालमत्ता नुकसान झेलने वाले नागरिक उपस्थित रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि अमुदान विस्फोट को दो वर्ष और प्रोबेस विस्फोट को दस वर्ष पूरे होने के बावजूद आज तक प्रभावित परिवारों को पूर्ण न्याय और उचित नुकसान भरपाई नहीं मिल सकी है।
शिवसेना पदाधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर शिवसेना नेता और विधायक आदित्य ठाकरे को निवेदन सौंपा जाएगा तथा जल्द ही एक शिष्टमंडल उनकी मुलाकात कर विधानसभा और प्रशासन स्तर पर मामला उठाने की मांग करेगा। आंदोलन में राजू नलावडे, सुधीर पाटील, प्रतिक पाटील, सुरेश परदेशी, किरण पाटील, जगदीश जुलूम, राजेंद्र सावंत, मंगेश मोरे, सखाराम वांद्रे सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
