मुख्यपृष्ठसमाचारमहंगाई के खिलाफ शिवसेना का गोरेगांव में जोरदार हुंकार

महंगाई के खिलाफ शिवसेना का गोरेगांव में जोरदार हुंकार

सामना संवाददाता / मुंबई

-नेताओं के साथ आम जनता भी उतरी सड़कों पर, मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से त्रस्त आम जनता की आवाज बनकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुरुवार को सड़कों पर उतर आई। गोरेगांव (पश्चिम) में आयोजित महंगाई विरोधी आंदोलन में नेताओं, पदाधिकारियों और शिवसैनिकों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली। बढ़ती महंगाई के खिलाफ शिवसेना ने केंद्र और राज्य सरकार को सीधे चुनौती देते हुए जोरदार एल्गार किया।
गोरेगांव रोड से रत्ना होटल परिसर तक हुए इस आंदोलन में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर चूल्हा जलाकर प्रदर्शन की शुरुआत की। गैस सिलेंडर रखकर महंगाई के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “मोदी सरकार हाय-हाय” और “महंगाई वापस लो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। शिवसेना विभाग क्रमांक-3 की ओर से आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व शिवसेना नेता एवं पूर्व उद्योग मंत्री सुभाष देसाई तथा विभाग प्रमुख एवं विधायक सुनील प्रभु ने किया। आंदोलन में विधायक अनंत (बाला) नर, विभाग संगठक शालिनी सावंत, विभाग समन्वयक दीपक सुर्वे, विधानसभा प्रमुख विश्वनाथ सावंत, प्रशांत कदम, विधानसभा संगठक राजू पाध्ये, नगरसेवक अंकित प्रभु, सुहास वाडकर, तुलशीराम शिंदे, जितेंद्र वलवी, कैलाशनाथ पाठक, नगरसेविकाएं लक्ष्मी भाटिया, योगिता कदम, पुष्पा कलबे, लोणा रावत, शिवानी परब सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक, पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
बैलगाड़ी यात्रा पर पुलिस की रोक
महंगाई के विरोध में विधायक सुनील प्रभु ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बैलगाड़ी यात्रा निकालकर आंदोलन शुरू करने की योजना बनाई थी। हालांकि स्थानीय पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद शिवसैनिकों ने हाथगाड़ी के माध्यम से प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

“महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी”: सुनील प्रभु
आंदोलन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक सुनील प्रभु ने कहा कि आज देश का आम आदमी महंगाई के चक्रव्यूह में फंस गया है। रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल और जीवनावश्यक वस्तुओं तक हर चीज महंगी हो गई है। केंद्र और राज्य सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने तत्काल बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं, तो शिवसेना राज्यभर में चरणबद्ध और तीव्र आंदोलन छेड़ेगी। जनता के सवालों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।

अन्य समाचार