हिमांशु राज
‘मैसा’ वर्ष 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्मों में शामिल मानी जा रही है, जिसमें रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका निभा रही हैं। अपनी बहुमुखी प्रतिभा और दमदार स्क्रीन उपस्थिति के लिए पहचानी जाने वाली रश्मिका ने ‘पुष्पा’ और ‘आनंदी’ जैसी फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अब ‘मैसा’ में उनका बोल्ड और सशक्त अवतार उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला माना जा रहा है।
हाल ही में केरल में फिल्म के इंटेंस एक्शन सीक्वेंस की 16 दिनों की शूटिंग पूरी हुई, जिसके बाद रश्मिका भावुक नजर आईं। इस शेड्यूल के लिए उन्होंने कड़ी तैयारी की थी। बैंकॉक में उन्होंने रोज करीब आठ घंटे कॉम्बैट फाइटिंग और विभिन्न मार्शल आर्ट फॉर्म्स की ट्रेनिंग ली, ताकि अपने किरदार को पूरी वास्तविकता के साथ पर्दे पर उतार सकें।
शूटिंग पूरी होने के बाद रश्मिका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने लिखा, “दोस्तों, एक छोटा सा अपडेट! हमने केरल में ‘मैसा’ का लंबा शेड्यूल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। यह कुछ ऐसे शानदार लोग हैं जिन्होंने अपनी मेहनत से इसे संभव बनाया। शुक्रिया दोस्तों, जल्द ही सेट पर फिर मिलेंगे। आप सभी की मुझे अभी से याद आ रही है। मुझे लोगों को बिना चोट पहुंचाए एक्शन सिखाने के लिए धन्यवाद। आपसे सीखना बेहद मजेदार रहा। बहुत जल्द फिर मुलाकात होगी।”
यह फिल्म अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है, जिसका निर्देशन रविंद्र पुल्ले कर रहे हैं। ‘मैसा’ एक भावनात्मक एक्शन थ्रिलर है, जिसकी कहानी जनजातीय पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में दमदार विजुअल्स, रोमांचक कथा और रश्मिका का प्रभावशाली अभिनय देखने को मिलेगा।
फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह बना हुआ है। मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करेगी। फिलहाल, ‘मैसा’ की रिलीज का इंतजार दर्शकों के बीच तेजी से बढ़ता जा रहा है।
