राजेश सरकार
प्रयागराज। गंगानगर जोन के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जय गुरुदेव आश्रम बाइपास पर करीब 10 बजे हुई इस दुर्घटना में बाइक सवार 42 वर्षीय अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे कमल घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के कटरा गुलाब सिंह निवासी अशोक कुमार अपने साथी के साथ बाइक से प्रयागराज स्थित एक अस्पताल में भर्ती अपने भांजे को देखने जा रहे थे। जैसे ही वे जय गुरुदेव आश्रम के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अशोक कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में पीछे बैठे कमल के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
