अंतिम दिन भक्ति रस में डूबा शर्मा परिवार
श्रद्धालु हुए भावविभोर
सामना संवाददाता / मुंबई
मालाड-पश्चिम स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब के ग्लैमौरा बैंक्वेट में १७ मई २०२६ से आयोजित सात दिवसीय ‘श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ’ का श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। सात दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं और भक्ति रस में सराबोर रहे। कथा के अंतिम दिन आयोजनकर्ता सुरेंद्र शर्मा, राजश्री शर्मा तथा समस्त शर्मा परिवार भावविभोर नजर आया।
इस पावन कथा का रसपान प्रसिद्ध कथावाचक पंडित गोपाल मिश्रा (फतेहपुरवाले) ने अपने श्रीमुख से कराया। कथा में बाल व्यास के रूप में भागवत आचार्य की विशेष उपस्थिति भी रही। कथावाचक पंडित गोपाल मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, भक्तों के प्रति उनके प्रेम, धर्म स्थापना तथा मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली शिक्षाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। राधारानी के प्रेम प्रसंगों और भक्ति भाव की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाहोत्सव के प्रसंग पर कथा स्थल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। कथा में उपस्थित श्रद्धालु बाराती बनकर भक्ति गीतों पर झूमते, नाचते और गाते नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण ‘राधे-कृष्ण’ के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर हेमंत तिवारी, रामकिशोर त्रिवेदी, आदित्य दुबे, डॉ. श्याम अग्रवाल, आनंद मिश्रा, भानु मिश्रा, दिनेश शर्मा तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अंत में सुरेंद्र शर्मा ने कथा में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
