मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर में हड़कंप... भाजपा नगरसेवक निकला बलात्कारी!

मीरा-भायंदर में हड़कंप… भाजपा नगरसेवक निकला बलात्कारी!

-मामला दर्ज होते ही हुआ फरार

 शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप

सामना संवाददाता / भायंदर

मीरा रोड में एक घटना ने हड़कंप मचा दिया है। एक भाजपा नगरसेवक पर बलात्कार का आरोप लगा है। पुलिस ने ४० वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत पर भाजपा पार्षद लक्ष्मण गणपत जंगम (६०) के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद जंगम फरार है। आरोप के अनुसार जंगम ने शादी का झांसा देकर बलात्कार को अंजाम दिया है। हालांकि, मामला दर्ज होने के बाद जंगम ने भी पीड़िता के खिलाफ ब्लैकमेल करने का आरोप दर्ज करा दिया है। अब पुलिस दोनों के आरोपों की बारीकी से छानबीन कर रही है।
अपने आपको देश की सबसे बड़ी और ‘पार्टी विद डिफरेंस’ बताने वाली भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मीरा-भायंदर महानगरपालिका में वार्ड क्रमांक १२४ के भाजपा नगरसेवक लक्ष्मण गणपत जंगम के खिलाफ मीरा रोड पुलिस स्टेशन में सोमवार को बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए अपने बयान में ४० वर्षीय पीड़ित महिला, जो एक सामाजिक कार्यकर्ता है, ने अपनी शिकायत में बताया कि जुलाई २०२२ के आखिरी सप्ताह में वह किसी काम के सिलसिले में ६० वर्षीय जंगम के मीरा रोड-पूर्व स्थित कार्यालय में पहली बार संपर्क में आई। आरोप है कि जंगम ने महिला से शादी करने का झूठा वादा किया और कार्यालय के एक कमरे में उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। दुष्कर्म का यह सिलसिला चार वर्षों तक चलता रहा। जंगम ने पीड़ित महिला को मिलने के बहाने से बुलाकर अपने कार्यालय सहित गोराई बीच के आसपास स्थित होटलों में कई बार उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक शोषण किया। अपने रसूख के बल पर आरोपी भाजपा नेता ने पीड़िता को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके कारण यह सिलसिला चार वर्षों तक जारी रहा।
जंगम की यातनाओं से तंग आकर महिला ने हिम्मत जुटाई और आखिरकार शुक्रवार को मीरा रोड पुलिस को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मेघना बुरांडे ने कार्रवाई करते हुए जंगम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा ६९ के तहत शादी का झूठा वादा कर यौन संबंध बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मेघना बुरांडे के अनुसार, आरोपी फरार है और उसे खोजकर गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। ज्ञात हो कि फरवरी २०२६ में नया नगर पुलिस ने महिला की शिकायत पर केवल नामक व्यक्ति के खिलाफ ब्लैकमेल की शिकायत दर्ज की थी। सूत्रों के अनुसार, केवल ने जंगम और महिला के बीच चल रहे संबंधों को उजागर करने की धमकी दी थी।
मामला दर्ज होने के तीन घंटे बाद जंगम ने लगाए आरोप
अपने आपको फंसता देख जंगम ने उसके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज होने के लगभग तीन घंटे बाद नवघर पुलिस थाने में पीड़ित महिला के खिलाफ झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली करने की शिकायत दर्ज करवाई। जंगम का आरोप है कि महिला ने मामला दर्ज न करने के एवज में उससे नकदी, सोने के गहनों के अलावा तीन बेडरूम का फ्लैट और दुकानों की मांग की। नवघर पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ सोमवार रात १०:३५ बजे भारतीय न्याय संहिता की धारा ३०८(३) के तहत जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) का मामला दर्ज कर लिया।

अन्य समाचार