मुख्यपृष्ठनए समाचारसड़क किनारे लघुशंका करने से रोका तो ... बुजुर्ग महिला की बेरहमी...

सड़क किनारे लघुशंका करने से रोका तो … बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या … पहले गला दबाया फिर ईंट से हमला कर ली जान

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क पर लघुशंका करने से मना करने पर ७८ वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। खेरवाड़ी पुलिस ने इस मामले को २४ घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान धारावी निवासी सौभाग्यम्मा कथिमुनार के रूप में हुई है। वह बांद्रा पूर्व स्थित एक आरएनए बिल्डिंग के पास फुटपाथ पर बेहोशी की हालत में मिली थीं। उन्हें तुरंत सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में मामला आकस्मिक मौत के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटनास्थल के पास देखे गए एक संदिग्ध की पहचान की। आरोपी की पहचान भानुदास विट्ठल कांबले (४४) के रूप में हुई, जिसे ठाणे से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी कार्यक्रम के सिलसिले में बांद्रा आया था और सड़क किनारे लघुशंका कर रहा था। इसी दौरान बुजुर्ग महिला ने उसे ऐसा करने से रोका और विरोध जताया। इस पर आरोपी गुस्से में आ गया और पास पड़ी ईंट से महिला के सिर पर हमला कर दिया। जब महिला चिल्लाने लगी, तो उसने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है और फिलहाल पुलिस हिरासत में है।

अन्य समाचार