मुख्यपृष्ठनए समाचारमामूली विवाद में छात्र का सीना छलनी...दिनदहाड़े हत्या से दहला प्रयागराज

मामूली विवाद में छात्र का सीना छलनी…दिनदहाड़े हत्या से दहला प्रयागराज

 राजेश सरकार / प्रयागराज

कुंभनगरी में बेलगाम होते अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली। गंगापार के होलागढ़ थाना क्षेत्र स्थित तोड़ीकापुरवा गांव में रविवार दोपहर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां 18 वर्षीय हिमांशु को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि बाइक टकराने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि गांव के ही साहिल यादव ने हिमांशु पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद उसके दो दोस्त उसे गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मृतक के परिजन ने साहिल यादव के खिलाफ नामजद तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। परिजन के मुताबिक हिमांशु और आरोपी एक ही कोचिंग में पढ़ते थे और दोनों के बीच पहले से तनातनी चल रही थी। डीसीपी गंगानगर ने बताया कि मृतक की मां के अनुसार कोचिंग में हुए विवाद के बाद दोनों के बीच रंजिश बढ़ी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। हिमांशु आईटीआई का छात्र था। पुलिस उसके दो दोस्तों से पूछताछ कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने प्रयागराज में बढ़ते अपराध और युवाओं में बढ़ती हिंसक मानसिकता को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य समाचार