मुंबई। उत्तर भारतीय संघ द्वारा संचालित महेंद्र प्रताप शारदा प्रसाद सिंह कॉलेज, बांद्रा में 25 अप्रैल 2026 को डिग्री वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंतिम वर्ष के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह के अंतर्गत प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय गीत से हुई, जिसके पश्चात डिग्री वितरण की प्रक्रिया संपन्न हुई। समारोह में उत्तर भारतीय संघ के उपाध्यक्ष संजय सिंह एवं कोषाध्यक्ष अजयकुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नितिन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में संजय सिंह ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की नई जिम्मेदारियों की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, संस्कार और परिश्रम के बल पर समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान दें तथा निरंतर सीखते रहने की भावना बनाए रखें।
वहीं अजयकुमार सिंह ने विद्यार्थियों को भविष्य की शिक्षा, करियर के अवसरों और चुनौतियों के प्रति मार्गदर्शन देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक रहा, वहीं महाविद्यालय और उत्तर भारतीय संघ के लिए भी यह गर्व का क्षण रहा।
