हिमांशु राज
सोनी सब के लोकप्रिय हिंदी ड्रामा ‘इतनी सी खुशी’ का सफर आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। 18 अगस्त 2025 को शुरू हुए इस सीरियल ने 16 मई 2026 को 225 एपिसोड के साथ अलविदा कहा।
ब्रिटिश शो ‘शेमलेस’ की हिंदी रीमेक ‘इतनी सी खुशी’ में सुम्बुल तौकीर ने अंविता का किरदार निभाया, जो परिवार की जिम्मेदारियों, करियर और रिश्तों के बीच चार भाइयों की परवरिश करती नजर आईं। फैंस सोशल मीडिया पर भावुक हो रहे हैं, तो लीड एक्ट्रेस सुम्बुल ने उनका दर्द समझते हुए खुलकर प्रतिक्रिया दी।
सुम्बुल ने कहा, “मैं उनके इमोशंस को पूरी तरह समझती हूं, क्योंकि वे शो से गहराई से जुड़े थे। लेकिन अब क्या कर सकते हैं? यह हमारे हाथ में नहीं है।” उन्होंने चैनल के फैसले को स्पष्ट करते हुए कहा, “यह निर्णय पूरी तरह चैनल का था। हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। शो अच्छा चल रहा था।”
सुम्बुल ने फैंस के प्यार पर कहा, “मैंने कभी सपने में नहीं सोचा था कि लोग इतना प्यार देंगे। शुरू से ही उन्होंने मेरे काम पर भरोसा किया। इसके लिए मैं बेहद आभारी हूं।”
सेट से जुड़ी मजेदार यादें साझा करते हुए सुम्बुल बोलीं, “शूटिंग न होने पर हम खूब मस्ती करते थे। सेट पर आम के पेड़ थे, हम डंडे से आम तोड़ते थे। राजत वर्मा के साथ वैनिटी वैन की छत पर चढ़कर दौड़ते-भागते थे। पानिपुरी पार्टियां भी होती थीं।”
को-स्टार राजत के बारे में उन्होंने कहा, “वह अच्छा दोस्त बन गया। वह एक कामयाब को-एक्टर है, मजेदार है, लेकिन कभी-कभी बहुत परेशान करने वाला भी!” वरुण बधोला जैसे दिग्गज कलाकारों से सजे इस शो ने अपनी भावुक कहानी और पारिवारिक संबंधों के चित्रण से मजबूत फैनबेस बनाया। फिनाले के बाद भी फैंस के संदेश लगातार आ रहे हैं।
