सामना संवाददाता / मुंबई
उप मुख्यमंत्री रहे अजीत पवार के दुर्घटना में निधन के बाद रिक्त हुई बारामती सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी व राज्य की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने २ लाख १८ हजार ९३० मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल कर देश में सबसे अधिक मतों से जीतने वाले विधायक का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बारामती की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ‘बारामती विधानसभा उपचुनाव में मुझे भारी मतों से विजयी बनाने के लिए सभी बारामतीवासियों का दिल से धन्यवाद। आपका विश्वास, प्रेम और समर्थन मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव अजीत पवार के निधन के बाद बारामती की पहली बड़ी परीक्षा थी और उनकी अनुपस्थिति गहराई से महसूस हुई। यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि उनके कार्य और स्मृतियों को सच्ची श्रद्धांजलि है। सुनेत्रा पवार ने दादा गुट के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि वे यशवंतराव चव्हाण और अजीत पवार द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए बारामती के विकास के लिए काम करेंगी।
