मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिकजरी महोत्सव में हुआ सुरेश मिश्र के कजरी संग्रह 'सावनी बयार' का...

कजरी महोत्सव में हुआ सुरेश मिश्र के कजरी संग्रह ‘सावनी बयार’ का लोकार्पण

सामना संवाददाता / मुंबई

इस समय संपूर्ण मुंबई और उसके आस-पास के उपनगरों में कजरी महोत्सव की धूम मची है। अभियान संस्था के नेतृत्व में जगह-जगह ऐसे तमाम कजरी के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसी क्रम में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी और अभियान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चर्चगेट स्थिति केसी कॉलेज के सभागार में कजरी महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें अयोध्या से पधारीं संजोली पांडेय ने अपनी कजरियों से लोगों को थिरकने के लिए विवश कर दिया। इस अवसर पर हास्य कवि एवं लोकगीतों के चतुर चिचेरे सुरेश मिश्र द्वारा रचित कजरी संग्रह ‘सावनी बयार’ पुस्तक का लोकार्पण महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, पूर्व मंत्री राज के पुरोहित, अभियान प्रमुख और मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र, हिंदी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दूबे, उपाध्यक्ष मंजू लोढ़ा, पूर्व आयुक्त के.एस.मिश्र, सदस्य आनंद सिंह, प्रमिला शर्मा ने किया। वक्ताओं ने कजरी संग्रह को लोकभाषा के लिए एक धरोहर बताया और इसके लिए सुरेश मिश्र की प्रशंसा की। इस संग्रह में मिरजापुरी और वनारसी दोनों तरह की कजरियों का समावेश है। सावनी बयार का प्रकाशन आर.के. प्रकाशन मुंबई ने किया है। इससे पूर्व सुरेश मिश्र की संकल्प, ज्योति जलाएं, प्रदूषण है खरदूषण जैसी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए मेंहदी लगाने और झूले की विशेष व्यवस्था की गई थी। दो महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में उत्तर भारतीय पुरुष और महिलाएं उपस्थित थे। डॉ. शीतला प्रसाद दूबे एवं अभियान प्रमुख अमरजीत मिश्र ने सभी आगंतुक मेहमानों का अंग वस्त्र और पुस्तक देकर सम्मान किया। कजरी महोत्सव की शुरुआत सुरेश मिश्र की कजरी धुन पर लिखी सरस्वती वंदना से हुई ।अंत में डॉ. दूबे ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया।

अन्य समाचार