मुख्यपृष्ठखेलसूर्या सेना का जलवा! ... कीवियों से लिया सूद समेत बदला! ...लगातार...

सूर्या सेना का जलवा! … कीवियों से लिया सूद समेत बदला! …लगातार दूसरी बार टी२० वर्ल्ड कप पर टीम इंडिया का कब्जा

सामना संवाददाता / अमदाबाद
टी२० के वर्ल्ड कप मैच में टीम इंडिया का तीन बार कीवियों से सामना हुआ था। मगर एक बार भी टीम इंडिया जीत नहीं पाई थी। तीनों बार न्यूजीलैंड की टीम ही जीती थी। पर कल टी२० वर्ल्ड कप के फाइनल में सूर्या सेना ने कीवियों को जबरदस्त तरीके से हराकर पिछली तीनों हार का सूद समेत बदला ले लिया।
बता दें कि २००७ के संस्करण में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया पर १० रनों से जीत हासिल की थी। २०१६ के संस्करण में भी कीवी टीम ने टीम इंडिया को ४७ रनों से हरा दिया था। फिर टी२० वर्ल्ड कप २०२१ में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों ८ विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। मगर कल टीम इंडिया ने कीवियों को फाइनल में हराकर लगातार दूसरी बार इस कप पर कब्जा कर लिया। इस तरह टीम इंडिया तीन बार टी२० वर्ल्ड कप चैंपियन बन गई। संजू-बुमराह की आंधी में उड़ गए कीवी
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में टी२० वर्ल्ड कप फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर (२५५ रन) बनाया। इसके बाद टीम इंडिया के गेंदबाजों ने जबरदस्त गेंदबाजी कर कीवी टीम को १५९ रनों पर ढेर कर दिया। जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ १५ रन देकर न्यूजीलैंड के ४ विकेट लिए। इस तरह टीम इंडिया ने ९६ रनों से धमाकेदार जीत हासिल की। अमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का पैâसला किया, लेकिन भारतीय ओपनर्स ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के धागे खोल दिए। पावरप्ले में ही अभिषेक शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। वहीं, भारतीय टीम ने ६ ओवर में बिना विकेट खोए ९२ रन बनाए। बाद में संजू सैमसन और ईशान किशन के बल्ले से अर्धशतक आए। शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में २४ रन बटोरे। ५ विकेट में कुल २५५ रन बनाकर भारत ने न्यूजीलैंड को २५६ रनों का टारगेट दिया। अभिषेक ने १८ गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन २१ गेंदों में ५२ रन बनाकर वे आउट हो गए। हालांकि, भारत को तब तक दमदार शुरुआत मिल चुकी थी। सैमसन ने ३३ गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो इस टी२० विश्व कप में उनका लगातार तीसरा अर्धशतक है। संजू फिर से ८९ रनों की पारी खेलकर आउट हुए। ईशान किशन ने २३ गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वे ५४ रन की पारी खेलकर आउट हो गए। सूर्या का खाता नहीं खुला और हार्दिक ने सिर्फ १८ रन बनाए। शिवम दुबे ने ८ गेंदों में २६ रन बनाए। २५६ रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की पारी शुरुआत से ही अच्छी नहीं रही। टीम ने तीसरे ओवर में पहला विकेट गंवाया। इसके बाद २५६ रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही कीवियों की टीम भारी दबाव में मैच खेलती रही। आखिरकार एक-एक कर न्यूजीलैंड के सारे खिलाड़ी १५९ रनों पर ढेर हो गए।

अन्य समाचार