मुख्यपृष्ठग्लैमरटी20 चैंपियन तिलक वर्मा ‘पेड्डी’ के सेट पर, राम चरण से मिला...

टी20 चैंपियन तिलक वर्मा ‘पेड्डी’ के सेट पर, राम चरण से मिला खास तोहफा

हिमांशु राज

टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन तिलक वर्मा ने राम चरण अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ के सेट का दौरा किया। उनके इस दौरे ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है। मेकर्स ने इस खास मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें तिलक का जोरदार स्वागत किया गया।

राम चरण ने तिलक वर्मा को अपने हस्ताक्षर वाला क्रिकेट बैट भेंट किया, जिसे पाकर तिलक काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने फिल्म के स्पोर्ट्स सीक्वेंस देखे और उनकी जमकर सराहना की। मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि टी20 चैंपियन तिलक वर्मा ने ‘पेड्डी’ के सेट का दौरा किया और फिल्म के स्पोर्ट्स दृश्यों से प्रभावित हुए।

साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘पेड्डी’ को दक्षिण भारतीय सिनेमा का बड़ा प्रोजेक्ट माना जा रहा है। फिल्म में राम चरण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ जाह्नवी कपूर, जगपति बाबू, शिवा राजकुमार और दिव्येंदु शर्मा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू साना ने किया है। इसे वेंकट सतीश किलारू के नेतृत्व में वृिद्धि सिनेमाज और मिथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनाया गया है।

फिल्म का संगीत भी दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। पहला गाना ‘चिकिरी चिकिरी’, ए. आर. रहमान के संगीत में रिलीज होते ही हिट हो गया और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर 200 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है। इसके बाद रिलीज हुआ हाई एनर्जी ट्रैक ‘राय राय रा रा’ भी यूट्यूब पर 47 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

‘पेड्डी’ 30 अप्रैल 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगी। तिलक वर्मा के इस दौरे के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है और राम चरण के प्रशंसक इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

अन्य समाचार