मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी : गद्दाफी ब्रांड सुरक्षा

झांकी : गद्दाफी ब्रांड सुरक्षा

अजय भट्टाचार्य

अपनी रंगीन मिजाजी के लिए मशहूर लीबिया के तानाशाह मुअम्मर अल-गद्दाफी ने त्रिपोली पर ४२ साल तक शासन किया। उसको अपने आसपास सुंदर महिलाओं की मौजूदगी पसंद आती थी। यही वजह है कि उसके सुरक्षा दस्ते में भी हमेशा खूबसूरत महिलाएं तैनात रहती थीं। इन महिलाओं का चयन सनकी तानाशाह खुद करता था। गद्दाफी के दस्ते में शामिल होने के लिए सबसे अहम शर्त में महिलाओं को बला की खूबसूरत, मार्शल आर्ट की माहिर और जेट उड़ाने में भी पारंगत होना होता था। इसके अलावा गद्दाफी की इन बॉडीगार्ड महिलाओं को हर वक्त शानदार ज्वैलरी, खुशबू और महंगी लिपस्टिक के साथ हाई हील की सैंडिल पहननी होती थी। सबसे जरूरी बात, गद्दाफी सिर्फ कुंवारी महिलाओं को ही अपने सुरक्षा दस्ते में शामिल करता था। सुना है डंकापति की भी इसी तरह की निजी सुरक्षा व्यवस्था पर विचार हो रहा है। ट्रायल महिला दिवस पर पूरा भी कर लिया गया है।
बिगड़ैल लाड़ले
महाराष्ट्र की संस्कारधानी पुणे में सरेआम सिग्नल पर मूत्र विसर्जन कांड चर्चा में है। शहर में शराबी बच्चे उत्पात मचा रहे हैं। पैसे, ताकत और राजनीतिक रसूख से सुरक्षित! पुणे के अमीर परिवारों के बिगड़ैल, शराबी बेटों ने शहर को आतंक का अपना निजी खेल का मैदान बना लिया है। अपने पिता की दौलत और प्रभाव से लैस वे मानते हैं कि वे कानून से ऊपर हैं। वे लग्जरी कारों में लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं, आम नागरिकों को डराते हैं और बिना किसी परिणाम के डर के सार्वजनिक उपद्रव करते हैं। इसके लिए सूबे के गृहमंत्री को बधाई दीजिए।
४३ वोटर, एक बाप
वाराणसी लोकसभा क्षेत्र स्थित शंकुलधारा में एक चमत्कारी पुरुष रहते हैं, जिनका नाम है राजकमल दास। वे अपने ४३ पुत्रों के साथ अपने मकान नंबर बी २४/१९ में रहते हैं। जगतपिता और सृष्टि के रचयिता को सीधी चुनौती देते हुए इनके १३ बेटे तो एक ही साथ पैदा हुए। इन सभी की उम्र ३७ वर्ष है। तीन-तीन बेटे तो तीन-चार बार में ही पैदा हो गए, जिनकी उम्र क्रमश: ३५, ३६ और ४७ वर्ष है। शेष बेटों में कुछ ४८ वर्ष के एक दो ४९ वर्ष के और कुछ ३७ और ४९ वर्ष के बीच के हैं। इस बात का उद्घोष भारत का कर्मठ, निष्पक्ष, ईमानदार चुनाव आयोग कर रहा है। १२ अप्रैल, २०२३ को किसी ने वोटर लिस्ट की तस्वीर खींची थी, जो अब वायरल हो रही है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार