अजय भट्टाचार्य
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के चेयरमैन पद पर परिवहन सचिव संजय सेठी की नियुक्ति कर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गद्दार सेना को झटका दिया है। इससे राज्य में नया बखेड़ा खड़ा हो सकता है। एक दशक से इस पद की कमान जनप्रतिनिधि के हाथों में होती थी। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने हाल ही में फडणवीस को पत्र लिखकर नए अध्यक्ष की तत्काल नियुक्ति का अनुरोध किया था। भरत गोगावले के बागवानी और रोजगार गारंटी मंत्री बनने के बाद से यह पद खाली था। परिवहन सचिव के रूप में सेठी निगम के पदेन सदस्य भी हैं। विभाग के एक सेवानिवृत्त अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि आप दाएं हाथ से प्रस्ताव नहीं भेज सकते और बाएं हाथ से उसे मंजूरी नहीं दे सकते। उन्होंने यह भी बताया कि निगम में कोई सार्वजनिक प्रतिनिधित्व नहीं होगा।
सट्टा बाजार में ‘आप’ की बहार
गोदी मीडिया के चैनलिया चतुर भले ही विभिन्न एग्जिट पोल में दिल्ली विधानसभा में भाजपा सरकार बना रहे हों, फलोदी सट्टा बाजार आम आदमी पार्टी को तगड़ा दावेदार मान रहा है। इस सट्टा बाजार के पूर्वानुमान ‘आप’ को ७० में से ३७ से ३९ सीटें और भाजपा को ३२ से ३४ सीटों पर समेट रहा है। अरविंद केजरीवाल की सीट पर उनकी जीत पर ६५ से और प्रवेश वर्मा पर ८५ पैसे का दांव है, जबकि कालकाजी पर आतिशी पर २५ पैसे और भाजपा के रमेश बिधूड़ी पर ३३ पैसे का दांव है। जंगपुरा सीट पर मनीष सिसोदिया पर ५० पैसे और भाजपा के तरविंदर सिंह पर ७० पैसे लगे हैं। कांग्रेस पूरी दिल्ली में कहीं भी मुकाबले में नहीं है।
येदी का पोता भी बागी
कर्नाटक भाजपा के बागियों में पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के पोते एनआर संतोष भी शामिल हो गये हैं। यद्यपि भाजपा की अन्य राज्य इकाइयों की ओर से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराने का कोई प्रस्ताव नहीं है, लेकिन बसनगौड़ा पाटील यतनाल खेमा कर्नाटक में इस पर जोर दे रहा है। कर्नाटक के पूर्व मंत्री कुमार बंगारप्पा, रमेश जारकीहोली और एनआर संतोष ने यतनाल खेमे के प्रति निष्ठा की शपथ ली है। वे हाईकमान से २३ संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों के चुनाव को अमान्य करने के लिए कहना चाहते हैं, क्योंकि उनका दावा है कि विजयेंद्र ने खुद को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनाए रखने के लिए उन्हें चुना है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा
व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)