– रोहित पवार का बड़ा दावा… शिंदे गुट भी टूटेगा
रामदिनेश यादव / मुंबई
अजीत पवार गुट के प्रदेशाध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे की एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार से हुई मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि अब अजीत पवार गुट में फूट तय है। हालांकि, सुनील तटकरे ने साफ किया है कि यह मुलाकात केवल शरद पवार की तबीयत का हालचाल जानने के लिए थी और इसमें किसी भी राजनीतिक विषय पर चर्चा नहीं हुई, लेकिन इसी बीच शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने बड़ा राजनीतिक दावा कर सियासी हलचल बढ़ा दी है। पत्रकार परिषद में रोहित पवार ने कहा कि सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल करीब २२ विधायकों के साथ बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।
शिंदे गुट के कुछ विधायक भी बीजेपी के संपर्क में
रोहित पवार ने यह भी दावा किया कि एकनाथ शिंदे की पार्टी के कुछ विधायक भी बीजेपी के संपर्क में हैं। वे भी जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। रोहित पवार ने मावल के विधायक सुनील शेलके को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि सुनील शेलके आगामी चुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद सुनील तटकरे को सिल्वर ओक की चाय पसंद आ गई होगी।
सुनील तटकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने शरद पवार से उनके सिल्वर ओक निवास पर शिष्टाचार मुलाकात की और उनकी सेहत की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं थी और वे इलाज के लिए ब्रीच वैंâडी अस्पताल में भर्ती थे। तटकरे ने कहा कि व्यस्तताओं के कारण पहले मुलाकात नहीं हो पाई थी, इसलिए अब जाकर उन्होंने उनसे भेंट की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुलाकात में किसी भी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। उन्होंने आगे कहा कि शरद पवार पिछले छह दशकों से देश की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान देते आए हैं और उन्होंने लंबे समय तक उनके मार्गदर्शन में काम किया है।
