मुख्यपृष्ठनए समाचारश्री रामलला को बधाई देगें ठाकुर बांके बिहारी

श्री रामलला को बधाई देगें ठाकुर बांके बिहारी

डॉ. कमलकांत उपमन्यु / मथुरा

ब्रज के लाड़ले जन-जन के आराध्य ठाकुर बांके बिहारीजी महाराज भी अवधपुरी अयोध्या में नव निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामलला को बधाई देने के लिए जाएंगे। ठाकुर बांके बिहारीजी महाराज की ओर से मंदिर सेवायत आचार्य मयंक गोस्वामी बंटू महाराज को मिले निमंत्रण के बाद सोमवार को ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर आचार्य मयंक गोस्वामी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण पत्र बिहारीजी के श्री चरणों में समर्पित किया और 22 जनवरी को बिहारीजी से राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने की विनती की।

आचार्य मयंक गोस्वामी बंटू महाराज ने बताया कि हमारे ब्रजभूमि में अनादिकाल से ठाकुरजी की सेवा भाव सेवा से की जाती रही है। आज भी हमारे ब्रज में जितनी भी सेवाएं होती हैं, वह सब भाव से होती है। भाव की प्रधानता हमारी आराधना व उपासना में शामिल है। उसी भाव की प्रधानता के अनुरूप ठाकुर ठाकुर बांके बिहारी जी अपने श्रीराम को बधाई देने के लिए जाएंगे। रामलला के लिए रजत बांसुरी के साथ-साथ रजत व स्वर्ण के खेल-खिलौने, चांदी के पात्र, 21 किलो तुलसी दल, जो वहां प्रसाद में अर्पित की जाएगी।

इसके अलावा शरद ऋतु में बांके बिहारी को अर्पित होने वाले केसर मेवा युक्त मूंगदाल का हलुआ, केसरिया माखन-मिश्री, दूध-भात अधौता प्रसाद भी विशेष रूप से भेंट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के सेवायत के रूप में अयोध्या से मात्र उन्हें आमंत्रित किया गया है। यह सब बिहारी जी की कृपा का प्रतिफल है और वह 22 जनवरी को बिहारीजी की ओर से प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सम्मिलित होने जा रहे हैं, जिसके लिए तैयारियां जोर-जोर से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि जैसे स्वामी हरिदासजी और बिहारीजी के जन्म उत्सव पर भाग सेवा के अंतर्गत एक दूसरे को बधाई दी जाती है। उसी के अनुरूप बिहारीजी श्री रामलला को बधाई देने 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे।

अन्य समाचार