मुख्यपृष्ठनए समाचारग्राम प्रधान पर जानलेवा हमले के आरोपी दबोचे गए

ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमले के आरोपी दबोचे गए

राजेश सरकार / प्रयागराज

ग्राम प्रधान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को आखिरकार कौंधियारा क्षेत्र की पुलिस ने दबोच लिया। घूरपुर और कौंधियारा पुलिस की टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दारा सिंह पटेल (48) और चन्द्रबली पटेल (32) शामिल हैं, जो ग्राम चिल्ली, थाना घूरपुर के निवासी हैं। दोनों को मुखबिर की सटीक सूचना पर छोटी बोंगी नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 6 मई 2025 का है, जब राजस्व विभाग द्वारा तालाब से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ग्राम प्रधान राजेश कुमार पटेल को मौके पर बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने एकजुट होकर ग्राम प्रधान पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना यहीं नहीं रुकी जब परिजन बीच-बचाव के लिए आगे आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना घूरपुर में मुकदमा दर्ज हुआ, जिसकी विवेचना बाद में थाना कौंधियारा को स्थानांतरित कर दी गई। मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में गंभीर धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई, जिससे मामले की संवेदनशीलता और भी बढ़ गई।
पुलिस की कार्रवाई पर नजर
लगातार फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। लेकिन संयुक्त टीम ने सटीक सूचना और रणनीति के दम पर दोनों को गिरफ्तार कर केस में अहम प्रगति दर्ज की है। इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, अनुराग कुमार, राजेश कुमार राय समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। ग्राम प्रधान पर हमले जैसे गंभीर मामलों में कानून से बच पाना आसान नहीं। पुलिस की इस कार्रवाई ने यह संकेत दे दिया है कि संगीन वारदातों में शामिल आरोपियों को देर-सवेर कानून के शिकंजे में आना ही होगा।

अन्य समाचार