सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में पिछले कुछ वर्षों से ड्रग के मामले बढ़ें हैं। ड्रग के सेवन से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। स्कूल-कॉलेज के छात्र इसके शिकार हो रहे हैं। इसके लिए महायुति सरकार जिम्मेदार है। यह गंभीर आरोप कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य की महायुति सरकार पर लगाया है। वे मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को परिसर में आयोजित लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट में शराब और ड्रग्स की खुलेआम इस्तेमाल से दो लोगों की मौत की घटना पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकारी तंत्र सोया हुआ है, कार्रवाई का सिर्फ दिखावा शुरू है। लेकिन मुंबई के एक इलाके में चार से पांच हजार युवक-युवतियों की ड्रग्स पार्टी हो रही थी, इसकी भनक पुलिस को वैâसे नहीं लगी? ऐसा सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा महायुति की निर्लज्ज व निकम्मी सरकार की वजह से ही महाराष्ट्र की युवा पीढ़ी ड्रग्स के जाल में फंस रही है, युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। राज्य में यह तस्वीर दिखाई दे रही है कि सरकार ने पुलिस और सभी एजेंसियों को केवल प्रतिशत, हफ्ता वसूली और आम जनता पर कानून का दुरुपयोग कर ‘वसूली’ करने के काम में लगा दिया है। देवेंद्र फडणवीस बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन उनसे न तो गृह विभाग संभल रहा है और न ही राज्य का प्रशासन। अगर नहीं हो रहा है तो कुर्सी छोड़ दें, लेकिन महाराष्ट्र को बर्बाद न करें।
