– गडकरी से मिलकर बोले रोहित पवार
-दादा के नाम पर हो सड़क का नामकरण
सामना संवाददाता / मुंबई
दिवंगत उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के बाद बारामती विमान हादसे को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस दुर्घटना को लेकर अब संदेह जताया जा रहा है कि यह साधारण दुर्घटना थी या फिर किसी प्रकार की साजिश? इसी कारण एनसीपी के सभी विधायकों ने इस मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। इस मुद्दे को लेकर विधायक रोहित पवार लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने डीजीसीए की रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए और एक प्रस्तुति के माध्यम से दावा किया कि वीएसआर कंपनी के मालिकों के सीधे संबंध केंद्रीय उड्डयन मंत्री से हैं, जिसके कारण उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
रोहित पवार ने कहा कि इसी वजह से इस पूरे मामले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच बेहद जरूरी है। रोहित पवार ने बताया कि संसद सत्र में दादा के विमान हादसे का मुद्दा उठाने के लिए वे सांसदों के साथ मिलकर इंडिया गठबंधन के नेताओं से लगातार मुलाकात कर रहे हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के सभी दल इस मामले की पारदर्शी जांच की मांग करेंगे। इसी क्रम में रोहित पवार ने पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने कल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी दिल्ली में मिलकर दादा के विमान हादसे की जांच को लेकर चर्चा की। मुलाकात के बाद रोहित पवार ने कहा कि नितिन गडकरी और अजीत पवार के बीच बेहद आत्मीय संबंध थे और दोनों ही विकास कार्यों को प्राथमिकता देने वाले नेता थे। उन्होंने गडकरी से पुणे रिंग रोड, तलेगांव-चाकण-शिक्रापुर कॉरिडोर मार्ग तथा शिरूर कॉरिडोर मार्ग जैसी विकास परियोजनाओं को स्व. अजीत पवार का नाम देने का अनुरोध भी किया।
