सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में ८ साल से अधिक पुराने ट्रकों पर प्रतिबंध लगाने की फिर से समीक्षा होगी। यह बात परिवहन आयुक्त विवेक भंवर ने कही है। इस प्रतिबंध का आदेश मुंबई हाई कोर्ट ने १९९० में दिया था। आज प्रौद्योगिकी और उत्सर्जन नियंत्रण में काफी सुधार हुआ है और अब ट्रक पहले की तरह प्रदूषण नहीं फैला रहे हैं। ऐसे में बीजीटीए के ७५वीं वर्षगांठ पर आयोजित प्लैटिनम जुबली समारोह में यह बात उठाई गई।
नई मुंबई के सिडको प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया किया गया, जिसमें सड़क परिवहन में दक्षता, स्थिरता और समावेशिता को बढ़ावा, प्रौद्योगिकी अपनाने और युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का संदेश वीडियो के जरिए दिया गया। इस दौरान टास्क फोर्स के कार्यकारी अध्यक्ष पाशा पटेल, पूर्व परिवहनव व गृह मंत्री सतेज पाटील, डॉ. अविनाश ढाकने, परिवहन आयुक्त विवेक भंवर, संयुक्त जीएसटी आयुक्त जयंत पाटील, अतिरिक्त परिवहन आयुक्त जीतेंद्र पाटील, बीजीटीए अध्यक्ष सुरेश खोसला, आयोजन समिति अध्यक्ष बल मलकीत सिंह, संयोजक अशोक गोयल, एआईएमटीसी अध्यक्ष अमृतलाल मदान, एआईएमटीसी चेयरमैन डॉ. जी आर शनमुगप्पा की मौजूदगी में परिवहन बिरादरी के विभिन्न मुद्दे और अपेक्षाएं सभी के सामने रखा गया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र और देश के बाकी हिस्सों से परिवहन से जुड़े १५०० से अधिक सदस्यों ने भाग लिया।