एजेंसी / तेहरान
खाड़ी देशों में महायुद्ध की शुरुआत हो चुकी है। ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में खाड़ी देशों पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और कई बड़े अधिकारी मारे गए हैं। इसके बाद ईरान ने बदले की कार्रवाई शुरू की। रविवार सुबह लगातार दूसरे दिन यूएई के दुबई, अबू धाबी, कतर के दोहा और बहरीन की राजधानी मनामा जैसे शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गर्इं। इससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में डर और तनाव बढ़ गया है। ईरान इजरायल समेत मिडिल ईस्ट के ८ देशों कतर, कुवैत, यूएई, सऊदी अरब, बहरीन, इराक, जॉर्डन को निशाना बना रहा है।
ईरान ने यूएई पर दागी १३७ मिसाइलें
ईरान द्वारा मिसाइल हमले के बाद दुबई और अबू धाबी में तेज धमाके हुए। मनामा में सायरन बजाए गए और वहां कम से कम चार बड़े धमाके हुए। कतर की राजधानी दोहा में भी धमाके की आवाज सुनाई दी। दुबई के आसमान में मिसाइलों को रोकने के दौरान सफेद धुएं के गुबार दिखाई दिए। दुबई के जेबेल अली बंदरगाह, जो मिडिल ईस्ट के सबसे व्यस्त बंदरगाहों में से एक है, वहां काला धुआं उठता देखा गया। कुवैत एयरपोर्ट पर भी ईरान ने हमला किया है। इजरायल के बेत शेमेश शहर में ईरान के मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर ८ हो गई है। घायलों में एक ४ साल का बच्चा भी है।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर १३७ मिसाइलें और २०९ ड्रोन दागे। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। दुबई के पाम जुमेराह और बुर्ज अल अरब जैसे मशहूर इलाकों के पास आग और धुआं देखा गया। अबू धाबी एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति की मौत हुई और सात लोग घायल हुए। दुबई एयरपोर्ट, जो अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा माना जाता है। कुवैत के एयरपोर्ट भी हमलों की चपेट में आए। यूएई में हुए ईरानी हमलों में ४ लोग मारे जा चुके हैं।
कतर में ६५ मिसाइलें और १२ ड्रोन दागे
कतर के अधिकारियों ने बताया कि ईरान ने उनके देश की ओर ६५ मिसाइलें और १२ ड्रोन दागे। ज्यादातर मिसाइलों को रोक लिया गया, लेकिन १६ लोग घायल हुए। जॉर्डन की राजधानी अम्मान के आसमान में घुसी मिसाइलों को वहां के डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया। कुवैत में भी सायरन सुनाई दिए। उत्तरी इराक के एरबिल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक ड्रोन गिरा, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं।
ईरान की यूएस-इजरायल को धमकी
उधर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजेशकियान ने खामेनेई की हत्या को बहुत बड़ा अपराध बताया। संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर कलीबाफ ने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने रेड लाइन पार कर दी है, अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान ऐसा जवाब देगा कि दुश्मन खुद पीछे हटने को मजबूर हो जाएंगे।
तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो चुका है -रूसी एक्सपर्ट
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का दिमाग कहे जाने वाले और मशहूर रूसी दार्शनिक/राजनीतिक सिद्धांतकार अलेक्जेंडर डगिन ने ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच युद्ध को लेकर कहा है कि तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम इतिहास के आखिरी चरण में प्रवेश करने जा रहे हैं। इतिहास का समापन होने जा रहा है।
