मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा ने रची साजिश... शिंदे-दादा का गेम तय!.. कांग्रेस नेता का सनसनीखेज...

भाजपा ने रची साजिश… शिंदे-दादा का गेम तय!.. कांग्रेस नेता का सनसनीखेज दावा… राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

सामना संवाददाता / मुंबई

मनपा चुनाव में भाजपा–शिंदे गुट की जीत के बाद अब सत्ता के भीतर ही घमासान शुरू हो गया है। महापौर पद को लेकर चल रही उठा-पटक के बीच माना जा रहा है कि भाजपा ने एकनाथ शिंदे और अजीत पवार दोनों का ‘गेम तय’ कर दिया है। ‘भाजपा इन दोनों गुटों को मुंबई और इसके आसपास के जिलों से खत्म कर देगी,’ ऐसा सनसनीखेज दावा कांग्रेस के एक नेता ने किया है। कांग्रेस ने इन दोनों गुटों के खिलाफ भाजपा पर बड़ी साजिश रचने का आरोप लगाया है।
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने भाजपा-शिंदे गुट की लड़ाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा पहले से ही यह रणनीति बना चुकी है कि शिंदे और अजीत पवार को धीरे-धीरे कमजोर कर और फिर उनका खात्मा कर दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिंपरी-चिंचवड, पुणे, नई मुंबई और ठाणे जैसे क्षेत्रों में पहले जहां अजीत पवार और शिंदे गुट का दबदबा माना जाता था, वहां अब भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पटोले ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दावोस दौरे के दौरान दिल्ली से स्पष्ट संदेश दिए जा रहे हैं कि मुंबई में महापौर भाजपा का ही होगा और इसमें किसी सहयोगी की राय को तवज्जो नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में आने वाले आठ दिनों में बड़े राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकते हैं।
शिंदे को डर क्यों?
चुनाव नतीजों के तुरंत बाद उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा अपने सभी नगरसेवकों को मुंबई के एक पंचतारांकित होटल में ठहराए जाने से सियासी हलकों में हलचल मच गई है। इसे ‘होटल पॉलिटिक्स’ बताते हुए कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि आखिर शिंदे को अपने ही नगरसेवकों के टूटने का डर क्यों सता रहा है? इसी बीच यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि शिंदे गुट की ओर से भाजपा को ढाई साल के लिए महापौर पद सौंपने का प्रस्ताव दिया गया है। महापौर पद की कुर्सी को लेकर शुरू हुआ यह सियासी खेल अब महाराष्ट्र की राजनीति को किस दिशा में ले जाएगा, इस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।

अन्य समाचार