मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा में अकेले चुनाव जीतने की हिम्मत नहीं... विपक्ष को दबाने के...

भाजपा में अकेले चुनाव जीतने की हिम्मत नहीं… विपक्ष को दबाने के लिए लगाती है ईडी-सीबीआई!.. शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे का केंद्र सरकार पर जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

देश में अराजकता, बेरोजगारी, चौपट कानून व्यवस्था, शिक्षा के व्यवसायीकरण, बढ़ती महंगाई, महिला आरक्षण विधेयक, लोकसभा क्षेत्र परिसीमन आदि मुद्दों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार कमजोर है। इसे विपक्ष से डर लगता है। सच्चाई तो यह है कि भाजपा में खुद के बल पर चुनाव जीतने का दम नहीं है। इसीलिए विपक्ष के पीछे ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों को लगाकर उन्हें दबाने का प्रयास करती है।
‘आरोप लगानेवाले खुद घेरे में’
दादर स्थित श्री छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर सभागृह में आयोजित शिवसेना की भारतीय कामगार सेना की ५८वीं वार्षिक आमसभा में उद्धव ठाकरे बोल रहे थे। महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जो विपक्ष पर आरोप लगा रहे हैं, वे खुद सवालों के घेरे में हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम हिंदू हैं, हमें ‘बुर्का’ पहनाने की बात मत करो, हम बुर्का फाड़ने वाले हिंदू हैं।
‘बच्चों को रोजगार देने की जिम्मेदारी कौन लेगा?’
दादर स्थित श्री छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर सभागृह में आयोजित शिवसेना की भारतीय कामगार सेना की ५८वीं वार्षिक आमसभा में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नए परिसीमन के चलते परिवार नियोजन को सफलतापूर्वक लागू करने वाले राज्यों का प्रतिनिधित्व कम हो सकता है। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि बच्चे पैदा करने की बात तो कही जाती है, लेकिन उन्हें पालने और रोजगार देने की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष का पूरा फोकस केवल अन्य राज्यों में चुनाव जीतने पर है, जबकि राज्य के मूल मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि देश में कारखाने और मिलें बंद हो रही हैं, बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने तीखा सवाल किया कि क्या देश को ‘बेरोजगारों का कारखाना’ बनाया जा रहा है।
राज्य में अपराध बढ़े
राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि जब मुख्यमंत्री अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं, तब महाराष्ट्र में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं, ड्रग्स रैकेट और अंधविश्वास जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। महिलाओं से उन्हें कोई प्रेम नहीं है, बल्कि राजनीतिक मकसद साधने के लिए उनका प्रेम आज महिलाओं पर उमड़ा है, लेकिन सरकार का ध्यान इन पर नहीं है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग उन्होंने पहले ही की थी। पर पिछले तीन साल से वह लागू नहीं किया गया है।
चुनाव जीतने के लिए फौज भेजी
पश्चिम बंगाल के चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बाघिन की तरह लड़ रही हैं और वे जीतेंगी भी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने निजाम को हटाने के लिए फौज उनके क्षेत्र में भेजी थी, लेकिन भाजपा चुनाव जीतने के लिए फौज भेज रही है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज नहीं होते तो आज राम मंदिर नहीं बन पाता। मुगलों के आतंक से देश तबाह हो चुका था, लेकिन मुगलों को रोकने का काम छत्रपति शिवाजी महाराज ने किया था।

अन्य समाचार