नैनी। अवंतिका आवास योजना (एडीए) कॉलोनी के पास सरपतहिया गांव में मंगलवार सुबह रवि भारतीया (28) नामक युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता पाया गया। युवक के बड़े भाई भीम की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची एडीए चौकी पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए एम्बुलेंस से एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित चीरफाड़ घर भेज दिया। इसके बाद परिजन की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस के मुताबिक रवि भारतीया अरैल बांध रोड स्थित निर्माणाधीन गैस प्लांट में काम करता था। उसकी पत्नी खुशबू से उसकी एक संतान बेटी है। परिवार के मुताबिक रवि की नौकरी हाल ही में लगी थी। महीने भर की पगार कल सोमवार को मिली थी। रवि ने किस कारण से फांसी लगाई इसकी जांच में पुलिस जुटी है। पति की मौत से खुशबू रो-रोकर बेहाल है। पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
