मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का कल होगा विस्तार, तीन दर्जन...

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का कल होगा विस्तार, तीन दर्जन के करीब मंत्री लेंगे शपथ, निशांत कुमार को लेकर अटकलें तेज, बारिश ने बिगाड़ी तैयारियां

अनिल मिश्र / पटना

बिहार में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में चल रही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार का गुरुवार को पहला कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में करीब 30 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बीच 16-16 मंत्रियों का कोटा तय हुआ है। हालांकि भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं को देखते हुए दोनों दल एक-दो पद खाली रख सकते हैं। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों से मिलाकर लगभग 24 से 26 मंत्री बनाए जाने की संभावना है।

जदयू खेमे में पुराने और भरोसेमंद चेहरों के साथ कुछ नए विधायकों को भी मौका मिलने की चर्चा है। इसी क्रम में निशांत कुमार का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है। हालांकि उन्होंने हाल ही में जदयू में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद किसी पद में रुचि नहीं दिखाई थी और फिलहाल राज्य के दौरे पर हैं। इससे पहले उन्हें मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें भी लगाई जा चुकी हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब कैबिनेट विस्तार के साथ उनके मंत्री बनने की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं, हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता इस पर खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से पहले की तरह 2-1-1 के फार्मूले के तहत कुल चार मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें संतोष सुमन, संजय पासवान, संजय सिंह और दीपक प्रकाश कुशवाहा के नाम दोहराए जाने की संभावना जताई जा रही है।

समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गांधी मैदान को चार जोन में बांटा गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 3000 जवानों की तैनाती की जाएगी और पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर दो मंच तैयार किए गए हैं, जिनमें एक पर प्रधानमंत्री और शीर्ष नेता बैठेंगे, जबकि दूसरे मंच पर क्षेत्रीय नेताओं को स्थान दिया जाएगा।

हालांकि, बुधवार को हुई बेमौसम बारिश ने तैयारियों को प्रभावित किया है। मैदान में जगह-जगह पानी भर गया, जबकि तेज हवा के कारण पंडाल को भी नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा तेजी से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम जारी है। वाटरप्रूफ पंडाल और अन्य सुविधाओं के साथ कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।

इस हाई प्रोफाइल समारोह में शामिल होने के लिए अमित शाह और नितिन नवीन के बुधवार शाम तक पटना पहुंचने की संभावना है। भाजपा के संभावित मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने से पहले शीर्ष नेतृत्व की सहमति ली जाएगी, जबकि जदयू के मंत्रियों के नाम पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार की मंजूरी से तय हो चुके हैं।

अन्य समाचार