मुख्यपृष्ठनए समाचारजो सीएम दो पार्टियां तोड़ सकता है... वार्ड तोड़ना उसके लिए मुश्किल...

जो सीएम दो पार्टियां तोड़ सकता है… वार्ड तोड़ना उसके लिए मुश्किल नहीं!.. फडणवीस पर अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस का हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

आगामी मनपा, नपा, स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर वार्ड रचना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऐसे में वार्ड रचना अपने फायदे के अनुसार करने के लिए परिसीमन बदलने का काम हो सकता है, ऐसी राजनीतिक चर्चा है। जिस पर कांग्रेस ने राज्य के मुख्यमंत्री पर अप्रत्यक्ष रूप से तीखा हमला किया है। कांग्रेस ने सीएम फडणवीस का नाम न लेते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री ने दो-दो राजनीतिक पार्टियां तोड़ दीं। उन्हें वार्ड तोड़ने में देर नहीं लगेगी। वे (मुख्यमंत्री) तोड़फोड़ के एक्सपर्ट हैं।
ऐसा व्यंग्य कांग्रेस नेता प्रफुल्ल गुडघे पाटील ने किया है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि सत्ताधारी दलित और अल्पसंख्यक बस्तियों को भी नियमों के खिलाफ जाकर राजनीतिक फायदे के लिए तोड़ सकते हैं।
गुडघे पाटील ने कहा कि वार्ड रचना ही नहीं, बल्कि चुनाव से जुड़ी हर प्रक्रिया में सत्ताधारी और मुख्यमंत्री हस्तक्षेप करेंगे। वे प्रशासन के जरिए ऐसी वार्ड रचना करेंगे, जो आम जनता के हित में न होकर उनके राजनीतिक लाभ के लिए होगा। उनके लिए सत्ता ही प्राथमिक है, जनता नहीं। सत्ता बनाए रखने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।
महानगरपालिका चुनावों के लिए राज्य सरकार ने प्रशासन को वार्ड रचना का कार्य सौंपा है, लेकिन कांग्रेस को इस प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भरोसा नहीं है। उनका कहना है कि खासकर भाजपा इसमें दखल देगी।

अन्य समाचार