राजेश सरकार / प्रयागराज
बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राष्ट्र हनुमंत कथा के शुभारंभ से पूर्व सोमवार को भव्य मंगल कलश यात्रा दिव्यता और आस्था के साथ निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवामय नजर आया और “जय सियाराम” व “हनुमंत लाल की जय” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. उदय प्रताप सिंह ने हनुमान जी की आरती के साथ शोभा यात्रा का प्रारंभ किया। इस अवसर पर रामायण धारावाहिक के प्रसिद्ध कलाकार सांसद अरुण गोविल (राम), दीपिका चिखलिया (सीता) और सुनील लहरी (लक्ष्मण) का पुष्प वर्षा व आरती कर भव्य स्वागत किया गया। अरुण गोविल ने कहा कि जिन पर हनुमंत लाल की कृपा होती है, उन पर स्वतः ही सियाराम की कृपा हो जाती है। कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश उठाया और जगत कल्याण की कामना की। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यात्रा की आकर्षण का केंद्र दिव्य झांकियां, मृदंग, बैंड-बाजे, घुड़सवार दल और हनुमान-गणेश की जीवंत प्रस्तुतियां रहीं। जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी प्रांगण में हनुमान जी की भव्य आरती के साथ संपन्न हुई। प्रयाग उत्थान समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 21 अप्रैल को अरैल माघ मेला क्षेत्र में दोपहर 3 बजे हनुमंत कथा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
