-७८७ में आ रही हैं रोज खामियां
-अमदाबाद में १२ जून को विमान क्रैश…१५ जून को कोलकाता में रोका गया
-१७ जून को हांगकांग-दिल्ली उड़ान में खराबी…१७ जून को दिल्ली-पेरिस उड़ान हुई रद्द
-१८ जून को पेरिस-दिल्ली उड़ान वैंâसिल
सामना संवाददाता / मुंबई
अमदाबाद विमान हादसे के बाद एयर इंडिया को सपनों में भी ड्रीमलाइनर डरा रहा है। फिलहाल एयर इंडिया के बेड़े में १९० विमान हैं, जिसमें से ३३ विमान ७८७-८ ड्रीमलाइनर हैं। इसके अलावा ७८७-९ के २० विमानों का ऑर्डर दिया गया है। अमदाबाद हादसे के बाद बोइंग के ७८७ ड्रीमलाइनर की कई खामियां सामने आ रही हैं। इस कारण उड़ानें टेकऑफ के बाद तुरंत लैंड करनी पड़ रही है। वहीं कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं।
कल एयर इंडिया ने अपनी दो और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की। इनमें एक थी एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-१४३, जो कल दिल्ली से पेरिस के लिए रवाना होनी थी। इसके चलते आज १८ जून को पेरिस से दिल्ली आने वाली फ्लाइट एआई-१४२ भी रद्द कर दी गई। इसके अलावा हांगकांग-दिल्ली की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी की खबर आई। अमेरिका से आनेवाले एक विमान को कोलकाता में उतारना पड़ा।
उड़ान रद्द होने से एयर इंडिया के यात्री परेशान!
अमदाबाद विमान हादसे के बाद एयर इंडिया की कई उड़ानों से तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। इसके लिए कुछ विमानों का रूट मोड़ना पड़ा तो कुछ की अड़ान रद्द करनी पड़ी इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमदाबाद-लंदन की उड़ान को तकनीकी समस्या के चलते कल रद्द कर दिया गया और यात्रियों को इस संबंध में सूचना दे दी गई और वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। एयरलाइन ने असुविधा के लिए खेद जताया है।
एयर इंडिया की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि तकनीकी कारणों से एयर इंडिया की दिल्ली-पेरिस फ्लाइट रद्द की जा रही है। यात्रियों को वैकल्पिक सुविधा और रिफंड का आश्वासन दिया गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, अनिवार्य प्री-फ्लाइट जांच के दौरान एक तकनीकी समस्या पाई गई, जिसे फिलहाल दूर किया जा रहा है।
हालांकि, पेरिस के शार्ल्स डी गॉल एअरपोर्ट पर रात के समय उड़ानों पर लगी पाबंदियों के चलते यह उड़ान रद्द करनी पड़ी। एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को डेस्टिनेशन तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रियों को होटल में ठहरने की सुविधा दी गई है और टिकट रद्द करने पर फुल रिफंड या यदि यात्री चाहें तो मुफ्त री-शेड्यूलिंग का ऑफर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमदाबाद से १७ जून को एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट एआई-१५९ तकनीकी खराबी के चलते रद्द कर दी गई। यह वही रूट है जिस पर पिछले सप्ताह एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-१७१ एक भीषण हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें २७४ लोगों की जान चली गई थी।
एआई-१५९ की उड़ान रद्द
एआई-१५९ को कल दोपहर १.१० बजे अमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन टेक्निकल स्नैग के कारण विमान उड़ान नहीं भर सका। एआई-१७१ हादसे के बाद उस विमान को सेवा से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह एआई-१५९ को तैनात किया गया था।
रद्द होने का कारण पता नहीं
अमदाबाद-लंदन रूट पर जिस विमान का संचालन होना था, वह ड्रीमलाइनर था। ये वही मॉडल है, जो हालिया हादसे में शामिल था। इससे अलग, लंदन गैटविक से अमृतसर के लिए उड़ान भरने वाली एक अन्य एयर इंडिया फ्लाइट को भी कल रद्द कर दिया गया। हालांकि, इस फ्लाइट के रद्द होने के पीछे का कारण अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।