मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिसमर कैंप “चक धूम-धूम” के चौथे दिन खेल गतिविधियों की रही धूम,...

समर कैंप “चक धूम-धूम” के चौथे दिन खेल गतिविधियों की रही धूम, कबड्डी, खो-खो और शतरंज में बच्चों ने दिखाया दमखम

अनिल मिश्र / पटना

किलकारी बिहार बाल भवन, गया में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर समर कैंप “चक धूम-धूम–2026” के चौथे दिन खेल एवं शारीरिक गतिविधियों की धूम रही। लगभग 350 बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन परिसर बच्चों की ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना से सराबोर रहा।
गौरतलब है कि किलकारी बिहार बाल भवन, गया में 1 जून से 20 जून 2026 तक समर कैंप “चक धूम-धूम” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को 34 विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दिन की शुरुआत एथलेटिक्स प्रशिक्षण से हुई, जिसमें बच्चों को जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप एवं हाई जंप की तकनीकी जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न खेल विधाओं का अभ्यास कर अपनी क्षमताओं को निखारा। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया और बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करते दिखाई दिए।
चौथे दिन का मुख्य आकर्षण कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिताएं रहीं। इन पारंपरिक भारतीय खेलों में बच्चों ने अद्भुत फुर्ती, साहस, रणनीति और टीम भावना का परिचय दिया। कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार रेड और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं खो-खो में बच्चों की गति, संतुलन और त्वरित निर्णय क्षमता देखने योग्य रही। खेल मैदान में बच्चों का जोश और उत्साह चरम पर बना रहा।
इसके साथ ही शतरंज प्रतियोगिता में भी बच्चों की विशेष रुचि देखने को मिली। शतरंज की बिसात पर बच्चों ने अपनी बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और रणनीतिक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कराटे प्रशिक्षण सत्र में बच्चों को काता का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के महत्व की जानकारी दी। बच्चों ने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त किया और अपनी कला का प्रदर्शन भी किया।
मनोरंजन और उत्साह से भरपूर फन गेम “कंगारू रेस” भी बच्चों के आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतियोगिता में बच्चों ने हंसी-खुशी के साथ भाग लिया और खेल का भरपूर आनंद उठाया। पूरे परिसर में बच्चों की खुशियां और उत्साह देखने योग्य था।
इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने कहा, “समर कैंप ‘चक धूम-धूम–2026’ बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कबड्डी, खो-खो, शतरंज, एथलेटिक्स एवं कराटे जैसी विधाएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती हैं। किलकारी बिहार बाल भवन, गया बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सकारात्मक मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
उन्होंने कहा कि समर कैंप में बच्चों की बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि बच्चे खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति विशेष रुचि दिखा रहे हैं। समर कैंप “चक धूम-धूम–2026” का चौथा दिन खेल, अनुशासन, उत्साह और सीखने के अद्भुत संगम के रूप में यादगार बन गया।

अन्य समाचार