-अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझें सीएम
-सांसद प्रणिती शिंदे का जोरदार हमला
सामना संवाददाता / मुंबई
नसरापुर की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या तथा सोलापुर में तीन दिनों में हुए कई हत्याकांडों के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने महायुति सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोलते हुए उनसे इस्तीफा मांगा है। शिंदे ने कहा कि नसरापुर जैसी भयावह घटना और सोलापुर में लगातार हो रही हत्याएं यह दर्शाती हैं कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने मांग की कि फडणवीस को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृहमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
शिंदे ने सीएम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब एक ओर इतनी दर्दनाक घटना हुई, तब मुख्यमंत्री जश्न मना रहे थे और मिठाइयां बांट रहे थे। इससे लगता है कि उनमें संवेदनशीलता की कमी है और सरकार के लिए जनता की पीड़ा से ज्यादा चुनाव महत्वपूर्ण हैं। शिंदे ने आगे कहा कि यदि ‘शक्ति कानून’ लागू होता, तो आरोपी को १५ दिनों के भीतर फांसी की सजा मिल सकती थी। उन्होंने मांग की कि नसरापुर कांड के आरोपी को जल्द से जल्द फांसी दी जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व, प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और कार्यकर्ताओं तक, केवल चुनावी राजनीति पर केंद्रित है। अगर सरकार में संवेदनशीलता होती, तो ऐसी घटना के बाद जश्न नहीं मनाया जाता। इन बयानों के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई हैै।
