मुख्यपृष्ठनए समाचारभ्रष्टाचारियों को बचाना बंद करे सरकार!... सुप्रिया सुले ने मोदी सरकार को...

भ्रष्टाचारियों को बचाना बंद करे सरकार!… सुप्रिया सुले ने मोदी सरकार को घेरा

सामना संवाददाता / मुंबई
महिलाओं और नागरिकों की सुरक्षा सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार भ्रष्टाचार मुक्त भारत की बात करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार जारी दिखाई देता है। सरकार को भ्रष्टाचारियों की मदद करना बंद करना चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। महाराष्ट्र की जनता ने महायुति को इतना बड़ा जनादेश भ्रष्ट लोगों को बचाने के लिए नहीं दिया है। इन शब्दों में जोरदार हमला करते हुए राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि पुणे की कानून व्यवस्था रामभरोसे ही है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि महाराष्ट्र में किसान भारी संकट में हैं। राज्य में बेमौसम बारिश हो रही है और सरकार ने सभी किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन अब तक कर्जमाफी लागू नहीं हुई। राज्य के किसी भी हिस्से में जाएं, किसानों की बदहाल स्थिति साफ दिखाई देती है। सरकार को किसानों के प्रति कोई संवेदनशीलता बची है या नहीं, अब ऐसा सवाल उठने लगा है, क्योंकि बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो की जाती हैं, लेकिन किसानों को वास्तव में कुछ भी नहीं मिल रहा। सुप्रिया सुले ने कहा कि पुणे की कानून-व्यवस्था पिछले कई वर्षों से बिगड़ी हुई है और वह लगातार इस मुद्दे को उठा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन से चार वर्षों से सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करने की मांग की जा रही है।

अन्य समाचार