मुख्यपृष्ठसमाचारराज्यपाल ने किया राजकीय बालगृह (बालिका) का निरीक्षण

राज्यपाल ने किया राजकीय बालगृह (बालिका) का निरीक्षण

डॉ. कमल कान्त उपमन्यु

मथुरा। महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित राजकीय बालगृह (बालिका) का निरीक्षण किया। राज्यपाल के आगमन पर प्रवेश द्वार पर बालगृह की सात बालिकाओं ने उन्हें पुष्प भेंट कर स्वागत किया।

राजकीय बालगृह (बालिका) के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला आश्रय सदन का भवन वित्तीय वर्ष 2008-09 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्यदायी संस्था मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के माध्यम से बनवाया गया था। पहले इस भवन में वृद्ध और विधवा माताओं के लिए पांच आश्रय सदन संचालित थे, जिन्हें वित्तीय वर्ष 2024-25 में शासन के आदेश पर बंद कर वहां रह रही माताओं को कृष्ण कुटीर महिला आश्रय सदन में स्थानांतरित कर दिया गया।

भवन के जीर्ण शीर्ण होने के कारण महिला कल्याण विभाग द्वारा तीन करोड रुपये स्वीकृत कर उसी कार्यदायी संस्था के माध्यम से भवन का रखरखाव और मरम्मत कराई गई। वर्तमान में इस भवन में अक्टूबर 2025 से 200 बालिकाओं की क्षमता वाला राजकीय बालगृह (बालिका) संचालित किया जा रहा है। परिसर में सखी निवास (वर्किंग वुमेन हॉस्टल) और शक्ति सदन (18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए) संचालित किए जाने का भी प्रस्ताव है। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चन्द्र ने बताया कि वर्तमान में राजकीय बालगृह (बालिका) में 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग की 98 बालिकाएं तथा संवासिनियों के सात बच्चे रह रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने पूरे परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बालिकाओं के आवास कक्ष, प्रशिक्षण केंद्र, रसोई, सभागार कक्ष, स्टाफ कक्ष, कार्यालय, भोजनालय, क्रेच और शौचालय आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग अलग कमरों में जाकर बालिकाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही वहां उपलब्ध सुविधाओं, मूलभूत व्यवस्थाओं और साफ सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने बालगृह में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों और संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक के उपरांत राज्यपाल ने दो बच्चों फैजान और हर्षिता का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने संवासिनियों के बच्चों को बेबी किट और कपड़ों का वितरण किया तथा महिलाओं को गिफ्ट हैम्पर और टी शर्ट भी प्रदान कीं।

कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास के अंतर्गत दो महिला उद्यमियों अनीता सारस्वत और सीमा छापरिया को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की तीन लाभार्थियों सिमरन, मीनाक्षी और तनवी को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत चेतना, कृष्णा और प्रियंका गोस्वामी को भी स्वीकृति पत्र दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने राजकीय बालगृह परिसर में बरगद का पौधा लगाकर वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने राज्यपाल को श्री बांके बिहारी जी की प्रतिमा भेंट कर उनका सम्मान किया।

अन्य समाचार