राजेश सरकार
प्रयागराज। शहर के धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर चौराहे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का खतरनाक नतीजा सामने आया। रात करीब एक बजे एक बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े ऑटो विक्रम में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया और उसमें सो रहा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में पास के दुकानदारों का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सड़कों पर नियमों की अनदेखी कब तक जारी रहेगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि यह हादसा साफ संकेत देता है कि केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि सख्ती और जागरूकता दोनों जरूरी हैं। अन्यथा बेलगाम रफ्तार यूं ही जिंदगियों को खतरे में डालती रहेगी।
