मुख्यपृष्ठनए समाचारमहिला आरक्षण का मुद्दा और महिलाओं की ही बोलती बंद!..सीएम ने किसी...

महिला आरक्षण का मुद्दा और महिलाओं की ही बोलती बंद!..सीएम ने किसी भी महिला को बोलने नहीं दिया!

-मंच पर मौजूद थीं ५ महिलाएं

-महिला आरक्षण पर भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर

सामना संवाददाता / मुंबई

महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर ७० करोड़ महिलाओं के साथ विश्वासघात का आरोप लगाने वाले मुख्यमंत्री के मंच पर मौजूद महिलाओं को ही बोलने नहीं दिया गया। इस पर कांग्रेस का कहना है कि सत्ताधारी भाजपा की कथनी और करनी में साफ फर्क दिखता है। सीएम फडणवीस ने कल सोमवार को महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उस वक्त प्रेस कॉन्प्रâेंस के दौरान मंच पर ५ महिला नेता मौजूद थीं। इस पर विपक्ष ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण पर भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर हो गया।
महिलाओं के लिए संवेदना भाजपा का सिर्फ दिखावा!
महिला आरक्षण विधेयक के लोकसभा में गिरने पर सीएम फडणवीस ने कहा कि विपक्ष ने संसद में इस विधेयक का विरोध कर देश की ७० करोड़ महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। विपक्ष ने इस विधेयक की भ्रूणहत्या की और उसके बाद जश्न मनाकर समाज सुधारकों के विचारों का अपमान किया। इस पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कड़ा जवाब देते हुए कहा कि भाजपा का महिलाओं के प्रति कथित संवेदना केवल दिखावा है।
उन्होंने कहा कि मंच पर महिला एवं बाल विकास मंत्री, विधान परिषद की महिला उपसभापति, राज्यसभा की महिला सांसद और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मौजूद थीं, लेकिन बोलने का मौका केवल मुख्यमंत्री को मिला। मंच पर बैठी महिलाओं की भूमिका महज औपचारिक बनकर रह गई। वडेट्टीवार ने कहा कि भाजपा का महिलाओं के प्रति लगाव केवल दिखावटी है, जो आज की प्रेस कॉन्प्रâेंस में साफ नजर आया। महिलाओं को मंच पर बैठाकर उनकी भागीदारी दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बोलने का अधिकार तक नहीं दिया गया।
मोदी के भाषण पर भी सवाल
वडेट्टीवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया भाषण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाषण एक प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि भाजपा के नेता का था और इसमें आचार संहिता का उल्लंघन किया गया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण पर बोलते समय प्रधानमंत्री ने ५० से अधिक बार कांग्रेस का नाम लिया, जिससे भाजपा की घबराहट साफ झलकती है। यह भाषण पूरी तरह राजनीतिक प्रचार जैसा था।

अन्य समाचार