हिमांशु राज
विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ ने ओटीटी रिलीज के साथ ही बड़ा इतिहास रच दिया है। ‘द केरला स्टोरी’ की रिकॉर्ड तोड़ सफलता के बाद आए इस सीक्वल ने जी 5 पर शानदार शुरुआत की है और 110 मिलियन से ज्यादा वॉच मिनट्स के साथ प्लेटफॉर्म पर सबसे बड़ी वीकेंड ओपनिंग दर्ज की है। इसके साथ ही यह फिल्म दुनिया भर में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है, जिससे साफ है कि दर्शकों के बीच इसकी चर्चा लगातार बढ़ रही है।
कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह ने अपने बैनर सनशाइन पिक्चर्स के तहत प्रोड्यूस किया है, जबकि आशिम ए शाह ने को प्रोडक्शन की जिम्मेदारी निभाई है। फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में नजर आती हैं।
फिल्म की कहानी तीन ऐसी महिलाओं के इर्द गिर्द घूमती है, जो अपने धर्म से बाहर शादी करने के बाद एक शोषणकारी साजिश का शिकार हो जाती हैं। संवेदनशील विषय और तीखे सामाजिक संदर्भों के कारण यह फिल्म अपनी थिएटर रिलीज के समय भी काफी चर्चा में रही थी।
मेकर्स ने इस उपलब्धि को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि यह कहानी किसी की कल्पना से भी आगे निकल गई है और अब जी 5 पर स्ट्रीम हो रही है। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि फिल्म दुनिया भर में नंबर 1 ट्रेंड कर रही है। 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म अब ओटीटी पर भी दर्शकों का भरपूर ध्यान खींच रही है।
