मुख्यपृष्ठनए समाचारनासिक वाली निदा खान की खुलती परतें ... मालेगांव टू मलेशिया तक...

नासिक वाली निदा खान की खुलती परतें … मालेगांव टू मलेशिया तक फैला है जाल!

‘हानिया’ रखा था पीड़िता का नाम
– धर्मांतरण के बाद भेजना था विदेश
– अग्रिम जमानत पर कोर्ट में सुनवाई

सामना संवाददाता / मुंबई
नासिक के टीसीएस बीपीओ में हुए यौन उत्पीड़न मामले की कोर्ट में सुनवाई के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। विशेष सरकारी वकील अजय मिश्रा ने अदालत को बताया कि आरोपी निदा खान के तार मालेगांव से लेकर मलेशिया तक जुड़े हुए पाए गए हैं। यह बात निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका पर अंतिम सुनवाई के दौरान सामने आई। जांच अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है जहां जबरन धर्मांतरण और इसके लिए आर्थिक मदद जुटाने की आशंकाएं भी सामने आ रही हैं।
अभियोजन पक्ष ने दावा किया कि दलित पीड़िता का नाम बदलकर ‘हानिया’ रखा गया था और मालेगांव के कुछ लोगों की मदद से उसे इस्लाम कबूल करवाने की कोशिश की जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी उसे नौकरी का लालच देकर फंसाकर मलेशिया भेजने की योजना बना रही थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, पीड़िता के निजी दस्तावेज भी हासिल कर लिए गए थे और उन्हें मालेगांव के संपर्कों तक पहुंचाने की तैयारी थी। अजय मिश्रा ने बताया कि पीड़िता पिछड़े वर्ग से आती है और उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उसे धमकाया गया और इस्लामी तौर-तरीकों की जानकारी दी जा रही थी। उसे हिजाब और बुर्का पहनने के लिए प्रेरित किया गया, साथ ही नमाज पढ़ने का तरीका भी सिखाया गया। आरोपी निदा खान ने उसे बुर्का और धार्मिक किताबें भी दी थीं, जिन्हें अब पुलिस ने जब्त कर लिया है। वह पीड़िता के घर भी जाती थी और उसे नमाज पढ़ने तथा सही तरीके से हिजाब और बुर्का पहनने की ट्रेनिंग देती थी।

पीड़िता का बयान दर्ज
पीड़िता के विस्तृत बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किए गए हैं और उन्हें अदालत में पेश किया गया है। अभियोजन पक्ष ने यह भी बताया कि आरोपियों ने पीड़िता के मोबाइल में इस्लाम से जुड़े वीडियो और यूट्यूब लिंक डाउनलोड किए थे। इस मामले में पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने भी अपने बयान दर्ज कराए हैं।

फंडिंग की जांच
अभियोजन के अनुसार, इस मामले में विदेशी कनेक्शन, जबरन धर्मांतरण और संभावित साजिश जैसे पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। अदालत में पेश की गई जानकारी से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। अब जांच में मलेशिया कनेक्शन और आरोपी को मिलने वाली फंडिंग पर खास ध्यान दिया जाएगा।

 

अन्य समाचार