मुख्यपृष्ठनए समाचारअप्रैल में निकलेगी म्हाडा के 2500 घरों की लॉटरी ...पत्रा चाल के...

अप्रैल में निकलेगी म्हाडा के 2500 घरों की लॉटरी …पत्रा चाल के घर इस साल लॉटरी से रहेंगे बाहर

सामना संवाददाता / मुंबई

आम लोगों को किफायती घर उपलब्ध कराने वाली महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) की मुंबई बोर्ड ने लगभग 2500 घरों की लॉटरी निकालने की तैयारी पूरी कर ली है। इस लॉटरी के लिए विज्ञापन इस महीने के अंत तक प्रकाशित किया जाएगा। मुंबई के विभिन्न इलाकों में स्थित घर इस योजना में शामिल किए जाएंगे और आवेदकों के लिए लॉटरी अप्रैल महीने में निकाली जाएगी।

मुंबई में अपना घर होना हर व्यक्ति का सपना होता है, लेकिन आसमान छूती संपत्ति की कीमतों के कारण यह सपना कई लोगों के लिए कठिन हो जाता है। ऐसे में मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों का झुकाव म्हाडा की आवास योजनाओं की ओर रहता है। यही कारण है कि म्हाडा की लॉटरी का लोग लंबे समय से इंतजार करते रहते हैं। इस बार अप्रैल में करीब 2500 घरों की लॉटरी निकाली जाएगी, जिनमें विभिन्न आय वर्गों के लिए घर उपलब्ध होंगे।

दरअसल मुंबई बोर्ड सभी श्रेणियों के लगभग 5000 घरों के लिए लॉटरी निकालने की तैयारी कर रहा था। हालांकि गोरेगांव पश्चिम के सिद्धार्थ नगर स्थित पत्रा चाल परियोजना के करीब 2500 घरों का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि इन घरों का निर्माण अगले वर्ष के अंत तक पूरा होने की संभावना है। इसी कारण बोर्ड ने इन घरों को इस बार की लॉटरी में शामिल नहीं करने का निर्णय लिया है।

बोर्ड के अनुसार अलग अलग आय वर्गों के लगभग 2500 घरों के लिए लॉटरी का विज्ञापन इसी महीने के अंत तक जारी किया जाएगा। विज्ञापन जारी होने के बाद इच्छुक आवेदकों को आवेदन भरने के लिए लगभग एक महीने का समय दिया जाएगा। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कर अप्रैल के अंत तक लॉटरी निकालने की योजना बनाई गई है।

इस लॉटरी में मगठाणे, प्रतीक्षा नगर, विक्रोली सहित मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित घर शामिल किए जाएंगे। इससे शहर में किफायती आवास की प्रतीक्षा कर रहे हजारों लोगों को अपना घर पाने का अवसर मिल सकता है।

म्हाडा मुंबई बोर्ड के मुख्य अधिकारी मिलिंद बोरिकर ने बताया कि इस बार पत्रा चाल परियोजना के घर पूरी तरह तैयार नहीं हैं, इसलिए उन्हें मौजूदा लॉटरी में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही इन घरों का निर्माण कार्य पूरा होगा, उन्हें आगामी लॉटरी में शामिल किया जाएगा।

अन्य समाचार