मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिजिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति “दिशा” की बैठक संपन्न

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति “दिशा” की बैठक संपन्न

उमेश गुप्ता / वाराणसी

दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक आज सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखना आवश्यक है। केंद्रीय मंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन तथा सफल संचालन हेतु संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों/विधायकों से संपर्क बनाए रखने तथा संचालित योजनाओं की अपेक्षित प्रगति हेतु अगले छह महीने का कैलेंडर बनाकर संबंधितों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रर्बन मिशन, ग्रामीण स्वरोजगार, सांसद आदर्श ग्राम योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना, जल जीवन मिशन योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएनजी कनेक्शन की वर्तमान प्रगति 100 कनेक्शन प्रतिदिन से बढ़कर 400 हो चुकी है तथा शीघ्र ही इसे 1000 प्रतिदिन तक बढ़ा लिया जाएगा, ताकि बड़ी आबादी तक जल्द पाइपलाइन से सप्लाई सुनिश्चित हो सके। अगले दो महीनों में लगभग सभी घरों को पाइपलाइन से आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
सांसद वीरेंद्र सिंह द्वारा वरुणा कॉरिडोर के कार्यों, वर्तमान प्रगति तथा इस पर खर्च हुए 400 करोड़ रुपये समेत अन्य विषयों को उठाया गया, जिस पर अध्यक्ष द्वारा आरोपों की जांच कराकर अगली दिशा बैठक में अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
सांसद प्रिया सरोज द्वारा करखियाव स्थित अमूल फैक्ट्री तथा त्रिलोचन बाईपास के पास चिह्नित ब्लैक स्पॉट का मुद्दा उठाया गया, जिस पर अध्यक्ष ने एनएचएआई को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में पिंडरा विधायक द्वारा जल जीवन मिशन ग्रामीण के कार्यों, जलापूर्ति तथा सड़कों के रिस्टोरेशन के मुद्दे को उठाया गया, जिसके सफल क्रियान्वयन हेतु निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्मार्ट सिटी के अब तक पूरे हुए 62 कार्यों की जानकारी अध्यक्ष को दी। लोहता में सड़क निर्माण के बाद सड़क किनारे घरों में जमा होने वाले पानी/सीवर की समस्या उठाई गई। इस पर जलनिगम द्वारा नई एसटीपी निर्माण की जानकारी दी गई, जिस पर अध्यक्ष द्वारा पूरी परियोजना से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोकसभा चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल, सीएमडी गेल, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, सीडीओ प्रखर कुमार, डीएफओ श्रीमती स्वाति श्रीवास्तव, डीसीपी प्रमोद कुमार समेत जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य समाचार