मुख्यपृष्ठनए समाचारमहंगाई से जूझती जनता पर मनपा की नई मार... बकाया बिल पर...

महंगाई से जूझती जनता पर मनपा की नई मार… बकाया बिल पर सख्ती, ३१ मार्च के बाद कटेंगे जल कनेक्शन

जेदवी / मुंबई

मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के असर से देश में पहले ही महंगाई का दबाव बढ़ चुका है। गैस की किल्लत और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों से आम लोग परेशान हैं। ऐसे में अब मुंबई मनपा ने भी बकाया जल बिल की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है, जिससे मुंबईकरों पर आर्थिक दबाव और बढ़ने की आशंका है। मनपा प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ३१ मार्च २०२६ तक जल बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के जल कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इस पैâसले से पहले ही बढ़ती महंगाई से जूझ रहे नागरिकों में चिंता का माहौल है, क्योंकि एक ओर खर्च बढ़ रहे हैं और दूसरी ओर अब बुनियादी सुविधा पानी पर भी संकट मंडराने लगा है। मनपा के जल अभियंता विभाग ने बकाया जल बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। प्रशासन का कहना है कि तय समय सीमा के भीतर लंबित बिल जमा नहीं किए गए तो संबंधित कनेक्शन पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि मनपा का दावा है कि नागरिकों की सुविधा के लिए विभागीय कार्यालयों में स्थित नागरिक सुविधा केंद्रों पर बिल भुगतान की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बीएमसी की आधिकारिक वेबसाइट aquaptax.mcgm.gov.in आईएन के माध्यम से भी जल बिल की जानकारी लेकर ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। मनपा प्रशासन के अनुसार, एनईएफटी, ऑनलाइन पेमेंट और मोबाइल ऐप के जरिए भी बिल जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। इसके बावजूद यदि उपभोक्ता समय पर भुगतान नहीं करते हैं तो मुंबई महानगरपालिका अधिनियम १८८८ की धारा २७९ (१)(अ) के तहत जल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिन उपभोक्ताओं को जल बिल प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें संबंधित वॉर्ड कार्यालय से संपर्क करने के लिए कहा गया है। साथ ही मनपा की ‘एक्वा’ वेबसाइट या सहायक अभियंता (जल कार्य) कार्यालय से भी बिल की प्रति प्राप्त की जा सकती है। बढ़ती महंगाई, गैस संकट और रोजमर्रा के खर्चों के बीच अब पानी जैसे बुनियादी संसाधन पर कार्रवाई की चेतावनी ने नागरिकों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहे मुंबईकरों पर इस तरह की सख्ती दोहरी मार साबित हो सकती है।

अन्य समाचार