मुख्यपृष्ठनमस्ते सामनानाम का है बाल उद्यान पेड़, पौधे और खेल सामग्री का है...

नाम का है बाल उद्यान पेड़, पौधे और खेल सामग्री का है अभाव

सिटीजन रिपोर्टर
उल्हासनगर

उल्हासनगर के कैंप नंबर-१ स्थित कमला नेहरू नगर में वर्षों पहले छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर बाल उद्यान बनाया गया था। अब इस उद्यान की हालत दयनीय है। नाम बाल उद्यान है, लेकिन उद्यान में न तो हरियाली है और न ही खेलने की कोई व्यवस्था। इतना ही नहीं, ये उद्यान अब डंपिंग ग्राउंड बन चुका है। इस उद्यान पर करोड़ों रुपए खर्च हो चुके हैं। ‘दोपहर का सामना’ के सिटीजन रिपोर्टर शिवचंद यादव ने उल्हासनगर महानगरपालिका की उपेक्षा के शिकार बाल उद्यान की दशा का वर्णन किया है।

शिवचंद यादव ने बताया कि उल्हासनगर में मनपा द्वारा दर्जनों उद्यान बनाए गए हैं, जिसमें पेड़-पौधों के साथ बच्चों के खेल की सामग्रियां भी मौजूद हैं। वृद्ध लोगों को बैठने की भी व्यवस्था है। कमला नेहरू नगर में वैसे तो भारत के सभी भाषिक लोग रहते हैं, लेकिन यह एक मिनी उत्तर प्रदेश के नाम से प्रचलित है। यहां पर विडंबना यह भी है कि इस परिसर में खेल का मैदान नहीं है। इसके बावजूद इस तरफ मनपा का ध्यान नहीं जाता है।
उद्यान को डंपिंग ग्राउंड के रूप में बदल दिया गया है। इस उद्यान के किनारे की पहाड़ी की दीवार पर करीबन करोड़ रुपए से अधिक खर्च किया जा चुका है। दीवार कितने महीने चलेगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है। कहने का तात्पर्य यह है कि दीवार रामभरोसे है। बाल उद्यान की अनदेखी का नतीजा है कि बरसात में पानी जमा हो जाता है। इस उद्यान में तरह-तरह के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। उद्यान के बगल में स्वामी विवेकानंद विद्यालय भी है। यह उद्यान विद्यालय के बच्चों के प्रयोग के लायक भी नहीं है। उद्यान का प्रयोग स्थानीय नशेड़ी लोगों के काम आता है।

कमला नेहरू नगर के लोग शहर विकास के लिए हाउस टैक्स तो भरते हैं, परंतु इस परिसर में इस उद्यान के अलावा तहसीलदार द्वारा आरक्षित जगह जो शहाड एमआईडीसी जल शुद्धीकरण केंद्र के बगल से बहनेवाले नाले के समीप है। उस जगह पर भी खेल उद्यान बनाने की जरूरत है। आज देखा जाता है कि उद्यान और खेल मैदान न होने के कारण बच्चों को सड़कों और गलियों में खेल खेलना पड़ रहा है। बता दें कि कमला नेहरू नगर उल्हासनगर का पहला नगर है, जहां के सबसे अधिक बच्चे देश की सेवा के लिए भारतीय सेना के वीर सिपाही हैं। काफी बच्चे उद्यान, गार्डन और मैदान के अभाव में इधर-उधर असुरक्षित जगहों पर दौड़ते देखे जाते हैं। कमला नेहरू नगर के कई समाज सेवकों ने उद्यान के सुधार के लिए और मैदान निर्माण के लिए उल्हासनगर मनपा प्रशासन को निवेदन भी दिया है।

उल्हासनगर मनपा के शहर अभियंता संदीप जाधव का बाल उद्यान और मैदान के बारे में कहना है कि मामले की जांच कर उद्यान को सुधारा जाएगा। चौहान नामक ठेकेदार को आदेश देकर निर्माण से संबधित कचरे को हटवाया जाएगा। साथ ही गार्डन को अच्छी तरह से विकसित किया जाएगा।

अन्य समाचार