मुख्यपृष्ठनए समाचारतालाब ने निगल ली मासूमियत...ननिहाल आए भाई-बहन की डूबने से मौत...गांव में...

तालाब ने निगल ली मासूमियत…ननिहाल आए भाई-बहन की डूबने से मौत…गांव में मातमी सन्नाटा

राजेश सरकार / प्रयागराज

थरवई थाना क्षेत्र के कटियाही गांव में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में भाई-बहन की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। परिजन फूट-फूटकर रोते रहे। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सचिन यादव (12 वर्ष) और मधु यादव (10 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे खेलते-खेलते गांव के तालाब के पास पहुंच गए और अनजाने में गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूब गए।
काफी देर तक बच्चों के दिखाई न देने पर परिजन और ग्रामीणों को चिंता हुई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया गया कि दोनों बच्चे मूल रूप से उतरांव थाना क्षेत्र के बलकसराय गांव के थे और गर्मियों की छुट्टियों में कुछ दिन पहले अपने नाना के घर कटियाही गांव आए हुए थे। खुशियों भरी छुट्टियां मनाने आए मासूम भाई-बहन की असमय मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना लेकर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

अन्य समाचार