सामना संवाददाता / मुंबई
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर हैं। अक्सर उनके बयान भाजपा सरकार के लिए भी परेशानी का सबब बन जाते हैं। अब गडकरी ने सहकारी बैंकों की भूमिका की सराहना करते हुए गरीब और आम नागरिकों को कर्ज लेने में आने वाली परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि जहां बड़े लोग कर्ज नहीं चुकाते, वहीं गरीब आदमी नियमित रूप से किस्तें भरता है।
एक कार्यक्रम में बोलते हुए गडकरी ने कहा, ‘गरीब आदमी नियमित रूप से पैसे भरता है, लेकिन अमीर लोग कर्ज डुबोकर डिफॉल्टर बन जाते हैं। दुर्भाग्य से रिकॉर्ड में भी यह बात साबित होती है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘पैसा पहले से ही अमीर लोगों को आसानी से मिल जाता है, लेकिन गरीब व्यक्ति को कर्ज देने के समय कई तरह की बाधाएं खड़ी कर दी जाती हैं।’ गडकरी ने यह भी कहा कि सहकारी बैंकों ने समाज के छोटे और आम लोगों की जिंदगी बदलने में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ‘ऐसे छोटे लोगों का जीवन बदलने का काम सहकारी बैंकों ने किया है।’
