– बालू-ईंट लदे ट्रैक्टर के दबाव से टूटी रोड
राजेश सरकार / प्रयागराज
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की अवंतिका आवास योजना कॉलोनी में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पाल चौराहे के पास गहरे नाले पर बनी आरसीसी सड़क बालू और ईंटों से लदी भारी ट्रैक्टर-ट्रॉली के दबाव को नहीं झेल सकी और सड़क का एक हिस्सा टूट गया। सड़क टूटने के बाद नीचे बह रहा गहरा नाला खुलकर दिखाई देने लगा है, जिससे क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग कॉलोनी का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां दिन-रात लोगों का आवागमन बना रहता है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण विशेषकर रात के समय राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों के लिए गंभीर दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया है।
बताया जा रहा है कि नाले के ऊपर स्लैब डालकर यह सड़क बनाई गई थी। भारी वाहन गुजरने के दौरान स्लैब क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे सड़क का हिस्सा धंसकर टूट गया। आस-पास घनी आबादी होने के कारण लोगों ने तत्काल सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और टूटे हिस्से के आस-पास बैरिकेडिंग नहीं की गई, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण और संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है।
