मुख्यपृष्ठनए समाचारमौत का ‘कनेक्टर’ बन रही शिवड़ी-वर्ली परियोजना! ... एक सप्ताह में निर्माण स्थलों...

मौत का ‘कनेक्टर’ बन रही शिवड़ी-वर्ली परियोजना! … एक सप्ताह में निर्माण स्थलों पर यह चौथी मौत

– हादसे को दबाने और लापरवाही बरतने के आरोप
जेदवी / मुंबई
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) की महत्वाकांक्षी शिवड़ी-वर्ली कनेक्टर परियोजना अब विकास से ज्यादा लापरवाही और मौतों के कारण चर्चा में है। करोड़ों की इस परियोजना में सुरक्षा इंतजाम किस कदर रामभरोसे हैं, इसका एक और भयावह उदाहरण तब सामने आया, जब निर्माण स्थल पर काम कर रहे १९ वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी ने पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह दर्दनाक हादसा सोमवार और मंगलवार के बीच की रात करीब १२:१५ बजे आचार्य डोंडे मार्ग इलाके में हुआ। मृतक की पहचान नेपाल निवासी रवि गिरी के रूप में हुई है। रवि निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, स्टील शटर हटाने का काम हाइड्रा मशीन से किया जा रहा था, तभी रवि उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद ठेकेदार कंपनी जे कुमार इंप्रâाप्रोजेक्ट्स ने समय पर एमएमआरडीए को घटना की जानकारी तक नहीं दी। इसे सुरक्षा नियमों और परियोजना प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन माना गया। हादसे को दबाने और लापरवाही बरतने के आरोपों के बीच एमएमआरडीए ने कंपनी पर १ करोड़ रुपये का भारी जुर्माना ठोक दिया, जबकि परियोजना से जुड़े कंसल्टेंट ‘असिस्टम स्तूप’ पर २५ लाख रुपए का दंड लगाया गया है।
प्रारंभिक जांच में निर्माणस्थल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल पूरी तरह खुल गई है। मजदूरों की निगरानी, मशीन संचालन और इमरजेंसी रिपोर्टिंग सिस्टम में गंभीर खामियां सामने आई हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर इतने बड़े प्रोजेक्ट्स में मजदूरों की जान की कीमत क्या सिर्फ मुआवजा और जुर्माना भर रह गई है? सबसे गंभीर तथ्य यह है कि बीते एक सप्ताह में निर्माण स्थलों पर यह चौथी मौत बताई जा रही है।

अन्य समाचार