मुख्यपृष्ठनए समाचार‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा देनेवाली भाजपा के राज्य में महिलाओं...

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देनेवाली भाजपा के राज्य में महिलाओं पर अत्याचार करने वाले घूम रहे हैं आजाद! … महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा का दावा

सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा तीन दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर हैं। इस मौके पर गुरुवार को उन्होंने तिलक भवन में मीडिया से बात की। अलका लांबा ने बताया कि इन तीन दिनों में महिला कांग्रेस संगठन की मजबूती, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। महिला कांग्रेस महाराष्ट्र की ४८ लोकसभा सीटों में से ज्यादा से ज्यादा सीटें हासिल करने पर फोकस कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने सदैव महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। पंचायत राज में महिलाओं को ३३ फीसदी आरक्षण देने से महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। अब महिला कांग्रेस इस बात पर जोर दे रही है कि विधानसभा और लोकसभा में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाए। भाजपा को महिला आरक्षण पर निर्णय लेने में १० साल लग गए, लेकिन वह भी आधा-अधूरा है। केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने के बाद हम उसे पूरा करेंगे।
अलका लांबा ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देनेवाली भाजपा के राज्य में ही महिलाओं के साथ अत्याचार करने वाले आजाद घूम रहे हैं। महिला खिलाड़ियों का यौन-शोषण करनेवाले भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि, मामला दर्ज हुए ६ महीने हो गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक छात्रा के साथ यौन-उत्पीड़न किया गया, अपराधी भाजपा से जुड़े हुए हैं। ये अपराधी मध्य प्रदेश में भाजपा के प्रचार अभियान में भी शामिल हुए थे। बाद में लोगों का आक्रोश देखने के बाद कार्रवाई की गई। भाजपा सरकार ने गुजरात में बिलकिस बानो के साथ सामूहिक बलात्कार और हत्या करनेवाले ११ दोषियों को रिहा करने का काम किया था। महिला दुष्कर्मी राम रहीम बाबा को हरियाणा सरकार ९ बार पैरोल पर रिहा कर चुकी है। महिला उत्पीड़न के मामले में भाजपा से जुड़े एक शख्स संदीप सैनी पर भी मामला दर्ज किया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मणिपुर में आदिवासी महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। मणिपुर ८ महीने से जल रहा है लेकिन प्रधानमंत्री मणिपुर के बारे में बात नहीं कर रहे हैं और वहां नहीं जा रहे हैं। भाजपा शासन में पिछले दो वर्षों में देशभर में लगभग १० लाख महिलाएं लापता हो गई हैं, जिनमें महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में महिलाओं के लापता होने की संख्या सबसे अधिक है। आखिर ये सारी महिलाएं कहां गायब हो गई हैं? यह एक गंभीर प्रश्न है। भाजपा सरकार में महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की और यह यात्रा मुंबई में समाप्त होगी। इस न्याय यात्रा में महिलाओं को न्याय दिलाना भी शामिल है। इस यात्रा में उन महिलाओं को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, जिन पर अन्याय हुआ है। अलका लांबा ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ऐतिहासिक है और इसे पूर्वोत्तर भारत में लोगों का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। इसीलिए असम की भाजपा सरकार इससे घबरा गई है। इसी वजह से यात्रा पर हमले हुए हैं, लेकिन यात्रा अभी भी मजबूती से चल रही है और आगे भी जारी रहेगी।

अन्य समाचार