मुख्यपृष्ठसमाचारसपने में साली को छेड़ने के आरोपी फौजी को हकीकत में मिली...

सपने में साली को छेड़ने के आरोपी फौजी को हकीकत में मिली जेल!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

कानपुर में बहन की शादी के बाद चौथ लेकर दीदी के ससुराल आई नाबालिग साली ने जीजा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर हंगामा खड़ा कर दिया। रिपोर्ट दर्ज हुई तो जीजा को 19 दिन जेल की हवा खानी पड़ी, लेकिन जब मामला कोर्ट पहुंचा तो साली बयान से मुकर गई और बोली कि जीजा ने सच में नहीं, बल्कि सपने में छेड़ा था। उसे भ्रम हो गया था। सात साल की कानूनी लड़ाई के बाद एयरफोर्स कर्मी जीजा को अदालत ने बरी कर दिया। हालांकि इस दौरान सैनिक को माथे पर लगे कलंक और सामाजिक तिरस्कार का जो दर्द झेलना पड़ा, उसे वह शायद जीवनभर नहीं भूल सकेगा।

बिठूर निवासी एयरफोर्स कर्मी का विवाह 10 फरवरी 2019 को बिधनू की युवती से हुआ था। 13 फरवरी को एयरफोर्स कर्मी चौथी में पत्नी को लेने ससुराल गया, तो 15 वर्षीय साली भी उसके साथ आ गई। आठ मार्च की रात साली अचानक जोर जोर से चिल्लाने लगी।

दुलहन जब कमरे में पहुंची तो साली ने आरोप लगाया कि जीजा ने उसके साथ छेड़छाड़ की है। इसके बाद बहन ने पुलिस बुला ली। पारिवारिक मामला होने के कारण पहले समझौते की कोशिश की गई, लेकिन बात न बनने पर लड़की के पिता ने तीन अगस्त को नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।

29 सितंबर को एयरफोर्स कर्मी की गिरफ्तारी हो गई और 19 दिन जेल में रहने के बाद 17 अक्टूबर को उसे जमानत मिल सकी। मामले से जुड़े अधिवक्ता ने बताया कि जीजा को जेल भिजवाने वाली साली जब कोर्ट में बयान देने पहुंची तो वह अपने आरोप से पलट गई। उसने कहा कि छेड़छाड़ सपने में हुई थी। वह दवा खाकर सो रही थी और नींद में उसे लगा कि जीजा ने उसे पकड़ लिया है, इसलिए वह घबरा कर चिल्ला उठी।

पीड़िता की बड़ी बहन और पिता ने भी अदालत में कहा कि भ्रम की स्थिति में मुकदमा दर्ज कराया गया था। गवाहों के बयान और कोई ठोस सबूत न मिलने के कारण न्यायालय ने एयरफोर्स कर्मी को दोषमुक्त करार दे दिया।

अन्य समाचार