राजस्थान की राजधानी जयपुर से एआई के दुरुपयोग का एक चौंकानेवाला मामला सामने आया है। जहां एक युवती ने एआई तकनीक की मदद से अपने बॉस की फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि डर और बदनामी का फायदा उठाकर उसने बॉस से करीब ९० लाख रुपए वसूल लिए। मामला उजागर होने के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी तस्वीरें किस तरह तैयार की गर्इं और इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। घटना ने एआई के बढ़ते दुरुपयोग और साइबर अपराधों के नए खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बता दें कि यहां के महेश नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऐसे ब्लैकमेलिंग रैकेट का खुलासा किया है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई तकनीक का इस्तेमाल कर कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा था। आरोप है कि गैंग शादीशुदा और प्रतिष्ठित लोगों को निजी रिश्तों के जाल में फंसाकर उनसे लाखों-करोड़ों रुपए की उगाही करता था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले की मुख्य आरोपी दिशा बाबला नाम की महिला है, जिसे जोधपुर से गिरफ्तार किया गया है।
